गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शराब घोटाले को लेकर कहा कि कई लोगों को बड़ी बोतल दिखानी पड़ेगी। वहीं, कांग्रेस पर भी तीखे वार किए।
केजरीवाल के चुनाव प्रचार पर हमला
शाह ने एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में केजरीवाल के चुनाव प्रचार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'एक मतदाता के तौर पर मेरा मानना है कि वे जहां भी जाएंगे, लोग शराब घोटाले को याद करेंगे।' उन्होंने आगे कहा कि कई लोगों को तो बड़ी बोतल दिखानी पड़ेगी।
क्या सुप्रीम कोर्ट जीत और हार पर...
दिल्ली सीएम के 'अगर आप मुझे वोट देंगे, तो मुझे जेल नहीं जाना पड़ेगा' वाले बयान पर गृह मंत्री शाह ने कहा, 'इससे बड़ी सुप्रीम कोर्ट की अवमानना नहीं हो सकती। क्या सुप्रीम कोर्ट (चुनावी) जीत और हार पर फैसला करेगा?'
संविधान बदलने की अटकलों पर बोले शाह
शाह ने भाजपा ने 400 पार और संविधान बदलने की अटकलों पर भी बात की। उन्होंने कहा, 'निश्चित रूप से नहीं। हमारे पास पिछले 10 साल से संविधान बदलने के लिए बहुमत है। आपको क्या लगता है कि बाबा एंड कंपनी बोलेगी और देश मान लेगा। देश ने ही हमें बहुमत दिया है। देश की जनता जानती है कि पीएम मोदी के पास पिछले 10 सालों से संविधान बदने के लिए पर्याप्त बहुमत है। हमने ऐसा कभी नहीं किया। लेकिन हां, हम 400 सीटें इसलिए चाहते हैं क्योंकि हम देश की राजनीति में स्थिरता लाना चाहते हैं, क्योंकि हम देश की सीमाओं को सुरक्षित रखना चाहते हैं। बचे हुए गरीबों को लाभ पहुंचाना है।'
उन्होंने आगे कहा, ' हमने 10 वर्षों में अपनी सीटों का उपयोग कैसे किया? अनुच्छेद 370 को निरस्त करने, तीन तलाक को खत्म करने से राम मंदिर का निर्माण करने तक किया। हमने समान नागरिक संहिता लागू किया। बहुमत के दुरुपयोग का इतिहास मेरी पार्टी का नहीं है। बहुमत के दुरुपयोग का इतिहास इंदिरा गांधी के समय कांग्रेस ने किया।'
केजरीवाल ने यह कहा था
गौरतलब है, शराब घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है। प्रचार कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साध कहा था, 'उन्होंने मुझे जेल भेजा, क्योंकि मैंने आपके लिए काम किया। भाजपा नहीं चाहती कि दिल्ली के लोगों का काम हो।' केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि तिहाड़ जेल में उन्हें इंसुलिन के टीके 15 दिन तक उपलब्ध नहीं कराए गए। उन्होंने आरोप लगाया था, 'यदि मैं वापस जेल गया, तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुफ्त बिजली देना बंद कर देगी, स्कूलों को खराब कर देगी और अस्पतालों और मोहल्ला क्लीनिक को बंद कर देगी।' उन्होंने लोगों से भारती के लिए वोट करने को भी कहा था। केजरीवाल ने रविवार को कहा था कि यदि लोग आम आदमी पार्टी को चुनते हैं, तो उन्हें दोबारा जेल नहीं जाना पड़ेगा।