महाराष्ट्र में शनिवार को सियासी उलटफेर के बाद चारों ओर एनसीपी और अजीत पवार की चर्चा हो रही है। वहीं बारामती में शरद पवार के समर्थन में एक विशाल होर्डिंग लगाई गई है। अजित पवार ने 2019 में हुए विधानसभा चुनावों में बारामती से 1.65 लाख मतों के भारी-भरकम अंतर से जीत दर्ज की थी।
यह इस चुनाव में किसी भी उम्मीदवार द्वारा दर्ज की गई सबसे बड़ी जीत थी। यह जीत इसलिये भी महत्वपूर्ण थी कि भाजपा ने यहां बड़े पैमाने पर प्रचार किया था। शरद पवार की तस्वीर के साथ इस होर्डिंग पर संदेश लिखा है, 'हम 80 वर्षीय योद्धा के साथ हैं।' यह होर्डिंग बारामती नगर परिषद की इमारत के पास लगाया गया था।
इस होर्डिंग पर यहां से हर गुजरने वाले की नजर पड़ रही थी, लेकिन कुछ घंटों बाद इसे हटा दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह होर्डिंग निगम अधिकारियों द्वारा हटाया गया क्योंकि इसे लगाने के लिये मंजूरी नहीं ली गई थी।