मेजर लीतुल गोगोई के साथ होटल में एक लड़की पकड़ी गई थी। इसके बाद सेना में हड़कंप मच गया था और कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए गए थे। लड़की की मां का आरोप था कि मेजर अपने एक दोस्त के साथ उनके घर आए थे और उनकी बेटी से बातचीत की थी। वहीं लड़की ने मजिस्ट्रेट के सामने कहा था कि वह अपनी मर्जी से मेजर के साथ गई थी। वह उनकी फेसबुक पर दोस्त है और कई बार पहले भी उनसे मिल चुकी है।
इस सारे विवाद के बाद
हिजबुल मुजाहिद्दीन के कमांडर ने एक ऑडियो जारी किया है जिसमें घाटी की लड़कियों से कहा है कि वह सेना के जवानों और अधिकारियों से दूर रहें क्योंकि वह उनका इस्तेमाल हनी ट्रैप के तौर पर करके आतंकियों को पकड़ना चाहते हैं। कमांडर रियाज नायकू द्वारा जारी किए टेप में कहा गया है कि सेना बहुत नीचे गिर गई है वह कश्मीरी लड़कियों को हनी ट्रैप के तौर पर नियुक्त करके उन्हें हमपर जासूसी करने के लिए इस्तेमाल कर रही है।
नायकू ने कहा, 'हमें सूचना मिली है कि सेना लड़कियों को लालच दे रही है और उनका इस्तेमाल मुजाहिद्दीन पर जासूसी करने के लिए कर रही है। सेना लड़कियों को ब्लैकमेल कर रही है और उन्हें हमारे खिलाफ खड़ा कर रही है।' यह ऑडियो क्लिप कश्मीर घाटी में काफी ज्यादा वायरल हो रहा है। यह
ऑडियो क्लिप तब सामने आया है जब मेजर गोगोई को एक कश्मीरी महिला के साथ श्रीनगर के होटल में चेक-इन करते समय पकड़ा गया था।
ऑडियो में नायकू ने भारतीय सेना पर आरोप लगाया है कि वह टूर को स्पॉन्सर करके इसका इस्तेमाल हमारी जासूसी करने के एक हथियार के तौर पर कर रही है। हिजबुल कमांडर ने मां-बाप को चेतावनी दी है कि वह अपनी बेटियों को इस तरह के टूर में ना भेजें वरना उन्हें इसके गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। बता दें कि सद्भावना मिशन के तौर पर सेना दूसरी चीजों के साथ ही घाटी के स्कूली बच्चों को देश के विभिन्न हिस्सों में घुमाने के लिए लेकर जाती है।