संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने बाल अधिकारों की पैरवी और बच्चों के जीवन में कोरोना महामारी से पड़े प्रभाव को देखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। इसने कहा कि ‘गो ब्लू अभियान’ के तहत महत्वपूर्ण स्मारकों को नीली रोशनी से सजाया जाएगा।
यूनीसेफ ने कहा कि बाल अधिकारों के साथ एकजुटता दर्शाने और बच्चों के जीवन पर कोविड-19 के प्रभाव के तहत यह अभियान चलाया गया है। इसके अनुसार, आगामी 20 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल दिवस के मौके पर भारत में राष्ट्रपति भवन, कुतुब मीनार समेत कई अन्य ऐतिहासिक इमारतें भी नीले रंग में जगमाएंगी।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी ने दुनिया भर के बच्चों को बड़े स्तर पर प्रभावित किया है। लॉकडाउन की वजह से जहां बच्चों की जीविका पर असर हुआ है वहीं उन्हें स्वास्थ्य समस्याओं को भी सामना करना पड़ा है।
उल्लेखनीय है कि चीन के वुहान शहर से इसी साल की शुरुआत में फैली इस महामारी ने पूरी दुनिया में भारी तबाही मचाई। वैश्विक महामारी की वजह से अर्थव्यवस्था के साथ ही जान-माल को भी भारी नुकसान हुआ है। विश्व भर में अब तक पांच करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं, वहीं 13 लाख से ज्यादा लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।