कर्नाटक के मंगलुरु में अलग-अलग धर्म के एक प्रेमी जोड़े से दुर्व्यवहार की घटना सामने आई है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार धार्मिक स्थल पर पूजा करने आए एक प्रेमी जोड़ा ने जब आसपास के इलाके में रूम खोजना शुरू किया तो सभी लॉज और होटल के मालिकों ने रूम देने से इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों दिनभर सड़क पर भटकते रहे। शाम के समय उन दोनों की मुलाकात कुछ दक्षिणपंथी हिंदू कार्यकर्ताओं से हुई। फिर जो हुआ उसने दोनों प्रेमी-प्रेमिकाओं को परेशानी में डाल दिया।
लॉज मैनेजर ने रूम देने से किया इनकार
दंपती, रफीक (26) और उनकी 28 वर्षीय प्रेमिका शनिवार को एक धर्मस्थल गए थे, जहां उन्होंने भगवान मंजूनाथेश्वर के दर्शन किए और वहां कमरा खोजने की कोशिश की। हालांकि, लॉज मैनेजर ने उन्हें रहने से मना कर दिया क्योंकि वे अलग-अलग समुदायों से ताल्लुक रखते थे। अन्य स्थानों पर प्रयास करने के बावजूद, वे एक रूम पाने में असफल रहे।
हिंदू कार्यकर्ताओं ने उठाया ये कदम
सूचना मिलने पर, एक हिंदू संगठन से जुड़े दक्षिणपंथी हिंदू कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुत्तूर तालुक के कपिना बगिलु में रोका और उन्हें उप्पिनंगडी पुलिस को सौंप दिया। सूत्रों ने कहा कि पुलिस ने लड़की के परिवार के सदस्यों से संपर्क किया और उसे अपने साथ भेज दिया और रफीक को छोड़ दिया।