हिमाचल प्रदेश चुनाव में महिलाओं को टिकट देने के मामले में सभी बड़ी पार्टियों ने कंजूसी दिखाई है। इस बार सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने छह तो कांग्रेस ने तीन महिलाओं को टिकट दिया है। आम आदमी पार्टी ने पांच महिलाओं को चुनावी मैदान में उतारा है। 10 महिलाएं निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। इस तरह से कुल 24 महिला उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश के चुनावी मैदान में ताल ठोक रही हैं।
आइए जानते हैं भाजपा ने किसे-किसे मैदान में उतारा?
| उम्मीदवार |
विधानसभा |
| सरवीन चौधरी (मौजूदा सरकार में मंत्री हैं) |
शाहपुर |
| रीता धीमान |
इंदौरा (आरक्षित) |
| रीना कश्यप |
पच्छाद (आरक्षित) |
| शशिबाला |
रोहड़ू (आरक्षित) |
| नीलम नैयर |
चंबा |
| माया शर्मा |
बड़सर |
कांग्रेस की महिला उम्मीदवारों को भी जान लीजिए
कांग्रेस ने इस बार चुनाव में केवल तीन महिलाओं पर ही भरोसा जताया है। इनमें से एक डलहौजी की विधायक आशा कुमारी हैं। इसके अलावा सिरमौर जिला की आरक्षित सीट पच्छाद से दयाल प्यारी, जबकि मंडी सदर से कौल सिंह की बेटी चंपा ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है।
आप ने पांच महिला उम्मीदवार उतारे
आम आदमी पार्टी ने भी छह महिलाओं को टिकट दिया था लेकिन एक ने चुनाव लड़ने से पहले ही मैदान छोड़ दिया। सूची के अनुसार, द्रंग विधानसभा सीट से आप ने महिला उम्मीदवार उतारा था, लेकिन उन्होंने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया था। अब चुनावी मैदान में आप की तरफ से मनीषा कुमारी नूरपुर, पूजा ठाकुर सुंदर नगर, रजनी कौशल भोरंज, अंजू राठौर सोलन, नाचन से जबना चौहान हैं।
अभी पांच महिला विधायक
2017 में 19 महिलाओं ने चुनाव में अपनी किस्मत अजमाई थी। इनमें से चार को जीत मिली थी। इसके पहले 2012 में 34 महिलाओं ने चुनाव लड़ा लेकिन जीत सिर्फ तीन को ही मिली। मौजूदा समय 68 विधानसभा सीटों में से केवल पांच पर महिला विधायक हैं।