सुशांत मामले में फटकार लगने के बाद अजीत पवार के बेटे पार्थ ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष शरद पवार से उनके आवास पर मुलाकात की। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग को लेकर शरद पवार द्वारा सार्वजनिक रूप से पार्थ की निंदा किए जाने के एक दिन बाद यह मुलाकात हुई।
पार्थ के बयान पर राकांपा के वयोवृद्ध नेता ने कहा कि उन्हें मुंबई पुलिस की जांच में पूरा भरोसा है, लेकिन साथ ही कहा कि अगर कोई इसके बावजूद राजपूत की मौत की जांच केंद्रीय एजेंसी से करवाना चाहता है तो वह उसका विरोध नहीं करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 34 वर्षीय सुशांत सिंह 14 जून को उपनगर बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में फंदे से लटके हुए मिले थे। पार्थ 27 जुलाई को महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख से मिले थे और मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।