Honda Cars India Limited (HCIL), होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड (एचसीआईएल) की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट सेडान कार Amaze (अमेज) की घरेलू बाजार में बिक्री का आंकड़ा चार लाख यूनिट्स को पार कर गया है। जापान की ऑटोमोबाइल कंपनी ने वर्ष 2013 में अमेज को भारतीय बाजार में उतारा था। अब इस मॉडल का सेकंड जेनरेशन मॉडल उतारा गया गया है।
अमेज के सेकंड जेनरेशन मॉडल को देश में ऑटो एक्सपो 2020 में पेश किया गया था। यह भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली होंडा कार है। फर्स्ट-जेनरेशन मॉडल के साथ होंडा मार्च 2018 तक लगभग 2.6 लाख यूनिट्स की बिक्री करने में सफल रही, वहीं सेकंड-जेनरेशन मॉडल को मई 2018 में उतारा गया था जिसकी लगभग 1.4 लाख यूनिट्स की बिक्री हो चुकी है।
होंडा का कहना है कि अमेज महानगरों और गैर-महानगरों में एक लोकप्रिय मॉडल है। टियर 1 बाजारों ने होंडा अमेज की बिक्री में लगभग 44 फीसदी का योगदान दिया है जबकि टीयर 2 और टीयर 3 के बाजारों में इसकी बिक्री का 56 फीसदी हिस्सेदारी है।
इंजन
Honda Amaze बीएस6 ईंधन उत्सर्जन मानकों वाले 1.5L i-DTEC डीजल इंजन और 1.2L i-VTEC पेट्रोल इंजन के साथ उपलब्ध है। ट्रांसमिशन विकल्पों की बात करें तो इसमें मैनुअल और सीवीटी शामिल हैं। होंडा का कहना है कि भारत में स्वचालित कारों की बढ़ती मांग के साथ, अमेज सीवीटी की लोकप्रियता में भी बढ़ोतरी हुई है। क्योंकि पिछले-जेनरेशन मॉडल में 9 फीसदी के मुकाबले अमेज के सेकंड जेनरेशन मॉडल में 20 फीसदी से अधिक ग्राहक अब इसका ऑटोमैटिक विकल्प चुनते हैं।
एचसीआईएल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं निदेशक (बिक्री एवं विपणन) राजेश गोयल ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा, "होंडा अमेज एचसीआईएल के लिए एक सफल मॉडल है। यह हमारे कारोबार का प्रमुख स्तंभ है। अपने उपभोक्ताओं के प्यार और डीलर भागीदारों के सहयोग की वजह से हम यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं।" गोयल ने कहा कि यह सेडान उपभोक्ताओं की उम्मीदों को पूरा करती है। इस उपलब्धि से पता चलता है कि हम भारतीय ग्राहकों के साथ सही तालमेल बैठा पाए हैं।