मैसुरू के सुत्तूर में हाइड्रोजन से भरे कई गुब्बारों में आग लगने तथा इनके फटने की घटना में मंगलवार को सुत्तूर मठ के स्वामी और कुछ अन्य लोग बाल-बाल बच गये। मैसुरू यहां से करीब 150 किलोमीटर दूर है। पुलिस ने कहा कि साधु को बहुत मामूली चोटें आई हैं।
कुछ अन्य लोगों को चोटें आई हैं और उन्हें पास के अस्पताल में ले जाया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, वे सभी स्थिर हैं। यह घटना छहदिवसीय सालाना सुत्तूर मेले के दौरान हुई। यह मेला एक फरवरी को शुरू हुआ है।
सैकड़ों लोग कुश्ती प्रतियोगिता देखने मेले में आए हुए थे और आयोजकों ने भव्य तरीके से इसके उद्घाटन की योजना बनाई थी। हाइड्रोजन गैस से भरे करीब सौ गुब्बारे हवा में छोड़ने के लिए सुत्तुर मठ के प्रमुख शिवरात्रि देशीकेन्द्र महास्वामीजी तथा अन्य अतिथियों को दिये गये।
एक चश्मदीद ने कहा कि गुब्बारे छोड़े जाने से पहले मैसुरू के खिलाड़ियों ने एक मशाल जलाई और इसकी चिंगारी गुब्बारों के संपर्क में आ गईं जिससे ये फट गये। विस्फोट से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।