Heavy Rain: केरल में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, उखड़े पेड़ और घर भी ढेर; मुंबई में झमाझम बरसात, यलो अलर्ट जारी
Sun, 15 Jun 2025 12:13 PM IST
बशु जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तिरुवनंतपुरम/मुंबई
सार
मलप्पुरम के कोट्टाकल में शनिवार शाम को लगातार बारिश के बाद भूस्खलन के कारण पहाड़ी इलाके में एक घर गिर गया। जबकि मुंबई के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के बाद भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को शहर और उपनगरों में अलग-अलग स्थानों पर और बारिश होने का अनुमान जताया है।
मानसूनी बारिश ने केरल और महाराष्ट्र में कहर बरपाया है। केरल के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ। इसमें एक घर गिर गया। जबकि कई पेड़ उखड़ गए। जगह-जगह जलभराव हो गया। मुंबई में भी झमाझम बरसात के बाद यलो अलर्ट जारी किया गया है।
विज्ञापन
मलप्पुरम में घर गिरा
मलप्पुरम के कोट्टाकल में शनिवार शाम को लगातार बारिश के बाद भूस्खलन के कारण पहाड़ी इलाके में एक घर गिर गया। गनीमत रही कि परिवार सुरक्षित बच गया। उधर उत्तरी वायनाड के सुल्तान बाथरी और दक्षिणी कोट्टायम जिले के चुंगम में बड़े-बड़े पेड़ उखड़ गए और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। अग्निशमन कर्मियों ने लकड़ियों को काटकर हटाने के बाद सड़क को साफ किया।
नेय्यर बांध के खोले जाएंगे गेट
उधर कासरगोड के नीलेश्वरम में एक पेड़ उखड़कर वाहनों पर गिर गया। जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा। तिरुवनंतपुरम में भारी बारिश जारी रहने के कारण अधिकारियों ने नेय्यर बांध से नदी में पानी छोड़ने की अपनी योजना के बारे में लोगों को जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह बांध के चारों द्वार 20-20 सेंटीमीटर ऊपर उठा दिए जाएंगे। उन्होंने नेय्यर नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
मुंबई में यलो अलर्ट जारी
मुंबई के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के बाद भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को शहर और उपनगरों में अलग-अलग स्थानों पर और बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए येलो'् अलर्ट जारी करते हुए अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है, जबकि पड़ोसी ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
मुंबई के कई इलाकों में रात भर गरज र बिजली के साथ भारी बारिश हुई। सुबह तक बारिश कम हो गई। शनिवार सुबह आठ बजे से रविवार सुबह 8 बजे तक शहर में 31 मिमी बारिश हुई। जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 21 मिमी और 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को सुबह 2.37 बजे 3.55 मीटर ऊंची लहरें उठने तथा सुबह 8.20 बजे 1.06 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान है।