मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के कई और राज्यों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 और 12 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। बिहार में 10 और 11 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा नौ से 11 जुलाई के दौरान सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भी तेज बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों में मध्यम बारिश हुई है। भारतीय मौसम विभाग के उप महानिदेशक ने बताया कि सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि दक्षिण कोंकण/महाराष्ट्र के ऊपर बादल मंडरा रहे हैं।
उन्होंने कहा है कि अगले 24 से 48 घंटे के भीतर दक्षिण कोंकण में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने बताया है कि मुंबई में आज दोपहर लगभग 3.02 बजे 4.26 मीटर का हाई टाइड (उच्च ज्वार) आने की उम्मीद है।