देश के कई हिस्सों में इन दिनों प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि आईएमडी के मुताबिक, पूर्वोत्तर-उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के ज्यादातर हिस्सों में मई में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। दक्षिण राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, गुजरात में मई में पांच से आठ अतिरिक्त दिन लू चलने का अनुमान है।
सामान्य से अधिक रहेगा लू का प्रभाव
उन्होंने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान समेत अन्य क्षेत्रों में मई के महीने में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है। पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ के कुछ भागों, आंतरिक ओडिशा, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, झारखंड और बिहार समेत अन्य इलाकों में लगभग दो से चार दिन लू चल सकती है, जो सामान्य से अधिक है। आम तौर पर उत्तरी मैदानी इलाकों, मध्य भारत और प्रायद्वीपीय भारत के आसपास के क्षेत्रों में मई में लगभग तीन दिन लू चलती है। उन्होंने बताया कि दक्षिण राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाडा और गुजरात क्षेत्र में लगभग 5-8 दिनों तक लू चलने का अनुमान है।
देश भर में सामान्य बारिश होने का अनुमान
आईएमडी प्रमुख ने बताया कि मई 2024 में देश भर में सामान्य बारिश होने का अनुमान है, जो एलपीए (दीर्घावधि औसत) का 91-109 फीसदी हो सकती है। 1971 से 2020 के आधार पर मई के दौरान वर्षा का एलपीए करीब 61.4 मिमी है। उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों, मध्य भारत के कुछ हिस्सों, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। देश के शेष भागों में सामान्य से नीचे वर्षा होने की संभावना है।
कहां ज्यादा तो कम बारिश का अनुमान
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और तमिलनाडु में सामान्य से सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। ओडिशा के कई हिस्से, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड, दक्षिणी पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर के कुछ हिस्से, आंध्र प्रदेश के रायलसीमा और केरल में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।