स्वास्थ्य मंत्रालय ने नाम बदले जाने के कारणों को रेखांकित करते हुए बताया कि आयुष्मान भारत का सपना साकार करने के मकसद से इन केंद्रों का नाम बदलने का फैसला लिया गया है। रीब्रांडिंग प्रक्रिया के कार्यान्वयन के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भेजे गए पत्र के मुताबिक सक्षम प्राधिकारी ने आयुष्मान भारत-स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों का नाम बदलने का फैसला लिया है।अब इन केंद्रों के नाम 'आरोग्य परमं धनम्' टैगलाइन के साथ 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' किया जाएगा।
क्या है आयुष्मान भारत, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त इलाज की सुविधा किसे?
गौरतलब है कि आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत पांच साल पहले की गई थी। केंद्र सरकार 2018 में शुरू की गई इस योजना के तहत कम आय वाले लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य देखभाल और स्वास्थ्य बीमा कवरेज प्रदान करती है। इस योजना के दो घटक हैं जो एक दूसरे के पूरक हैं। पहले घटक के तहत, प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के लिए देशभर में स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र (HWC) का प्रावधान किया गया है। देशभर में लागू इस योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। आयुष्मान भारत के दूसरे घटक के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) चलाई जा रही है। देशभर में कम आय वाले लाभार्थियों को इस स्कीम की मदद से प्रति वर्ष 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलता है।