मेलबर्न से बीजिंग जा रहे एक विमान में हेडफोन फटने से एक महिला बुरी तरह से जल गई। विमान के यात्रियों के मुताबिक वो महिला म्यूजिक सुनते-सुनते झपकी ले रही थी तब ये हादसा हुआ। हेडफोन फटने की आवाज सुनकर महिला फौरन नींद से जागी और उसने हेडफोन निकालकर फर्श पर पटक दिया। पीड़ित महिला ने बताया, "मैंने अपने चेहरे को पकड़ा जिससे हेडफोन मेरे गले पर लिपट गया। वो जल रहा था।
मैंने फौरन उसे निकालकर पटका। उससे चिंगारी निकल रही थी और आग भी लग गई थी।" महिला का चेहरा और हाथ बुरी तरह से जल गए थे। हादसे के बाद क्रू मेंबर फौरन वहां पहुंचे और फर्श पर पड़े हेडफोन पर पानी डालकर आग बुझाई। तब तब वो पिघलकर फर्श पर चिपक चुका था। अब तक ये पता नहीं चल पाया है कि हेडफोन किस ब्रांड का था।
घटना की वजह सामने नहीं आई है लेकिन समझा जा रहा है कि लीथियम-आयरन बैटरी में गड़बड़ी की वजह से ऐसा हुआ। हादसे के बाद ऑस्ट्रेलियन ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी ने उड़ान के दौरान बैटरी से चलने वाली डिवाइस के इस्तेमाल को लेकर दिशा निर्देश जारी किए हैं।