असम समझौते के धारा छह को लागू करने के मुद्दे पर केंद्र की ओर से गठित उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय पर्यटन सचिव एमपी बेजबरुआ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बेजबरुआ इस नौ सदस्यीय समिति से इस्तीफा देने वाले पांचवें सदस्य हैं। सरकारी सूत्रों ने शनिवार को यहां इसकी जानकारी दी।
असम समझौते के धारा छह में असमिया पहचान और संस्कृति की रक्षा करने और शहरी निकायों में स्थानीय लोगों के लिए सीटों के आरक्षण का प्रावधान है। बेजबरुआ ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय को अपने फैसले से अवगत करा दिया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के बिना गठित समिति के प्रमुख होने का कोई मतलब नहीं है।
तीन अन्य सदस्य पहले दे चुके इस्तीफा
इससे पहले असम साहित्य सभा के दो पूर्व अध्यक्ष नगेन सैकिया और रंगबंग तेरांग के अलावा शिक्षाविद मुकुंद राजबंशी और अखिल असम छात्र संघ (आसू) के एक प्रतिनिधि भी इस्तीफा दे चुके हैं। उन्होंने नागरिकता विधेयक के विरोध में उक्त समिति से इस्तीफा दिया है। उनका कहना है कि यह विधेयक असमिया संस्कृति व पहचान के लिए खतरा है।