अपने मुस्लिम जनाधार को बचाए रखने के लिए देवेगौड़ा बार-बार सफाई दे रहे हैं कि चुनाव के बाद जद (एस) भाजपा के साथ नहीं जाएगा और अगर कुमारस्वामी ने एसा किया तो वो अपने बेटे को छोड़ देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए मंच से देवेगौड़ा की तारीफ की और उनके कथित अपमान के लिए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया उसके पीछे चुनाव बाद त्रिशंकु विधानसभा की हालत में कांग्रेस को रोकने के लिए जद (एस) से हाथ मिलाने की गुंजाइश बनाए रखने की रणनीति तो है ही, साथ ही इसे जद (एस) के मूल जनाधार वोक्कालिंगा समुदाय को खुश करके जद (एस) की कमजोर सीटों पर भाजपा के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश भी माना जा रहा है।
इसी रणनीति के तहत चुनाव प्रचार के अगले चरण में गुरुवार को नरेंद्र मोदी ने अपनी सभाओं में कहा कि जद (एस) सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है इसलिए उसे समर्थन देकर अपना वोट खराब मत कीजिए। दरअसल मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के लिंगायत कार्ड को लेकर भाजपा को भी अपने मूल लिंगायत जनाधार में बिखराव का खतरा दिख रहा है। इसलिए भाजपा एसे किसी भी संभावित नुकसान को वोक्कालिंगा मतों में सेंधमारी करके भरना चाहती है।
उधर कांग्रेस ने जद (एस) से पाला बदलकर आए सात विधायकों जमीर अहमद, अखंड श्रीनिवास, चलवार्या स्वामी आदि को उन्हें उनकी ही सीटों पर मैदान में उतारकर बड़ा दांव चला है। इनके अलावा पिछली बार करवार में निर्दलीय जीते सतीश सेल, कुडरकी से जीते नागेंद्र को भी कांग्रेस का टिकट दे दिया है। जबकि हासपेट में भाजपा से अलग हुए आनंद सिंह कांग्रेस के मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं।
पूरे राज्य की सियासत पर गहरी नजर रखने वाले व्यवसायी कमाल पाशा कहते हैं कि करीब डेढ़ दर्जन सीटें, जो कांग्रेस पिछले चुनाव में हारी थी, उन पर उसने जद (एस), भाजपा और पूर्व निर्दलीय विधायकों को अपने टिकट पर खड़ा करके भाजपा और जद (एस) के सामने कड़ी चुनौती पेश कर दी है। लेकिन सबसे दिलचस्प है कि देवेगौड़ा के बेटे एचडी कुमारस्वामी के खिलाफ रामनगर सीट पर मुस्लिम उम्मीदवार देकर कांग्रेस ने वहां उनकी राह भी आसान की है। कहा जा रहा है कि यह कुमारस्वामी और डी के शिवकुमार के बीच रणनीतिक समझदारी के तहत एसा किया गया है। शिवकुमार के खिलाफ जद (एस) ने भी कमजोर उम्मीदवार उतारा है।