स्पिनर्स की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद कप्तान एसएस धोनी की शानदार फिनिशिंग के बूते मेजबान चेन्नई सुपरकिंग्स ने शनिवार को खेले गए आईपीएल 2018 के 35वें मुकाबले में आरसीबी पर 6 विकेट से आसान जीत दर्ज की। पुणे में हुए इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। आरसीबी का प्रदर्शन निराशाजनक कहा। कोहली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर महज 127 रन ही बना सकी। जवाब में सीएसके ने 2 ओवर पहले ही 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
सीएसके की ओर से कप्तान एमएस धोनी ने 31* और ड्वेन ब्रावो के नाबाद 14 रन के अलावा अंबाती रायुडू (32), सुरेश रैना ने 25 रन का योगदान दिया। बेंगलोर की ओर से उमेश यादव ने 2 तो कॉलिन डी ग्रांडहोम और मुरुगन अश्विन ने 1-1 विकेट झटके। मैच में सीएसके के स्पिनर्स के आगे पूरी 'विराट सेना' बेबस नजर आई। रविंद्र जडेजा को उनके 3 विकेट के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से भी नवाजा गया। हरभजन सिंह ने 2 विकेट लिए। डेविड विली और लुंगी एन्गिडी के खाते में 1-1 विकेट आए। बैंगलोर की ओर से इस सीजन में पहला मैच खेल रहे पार्थिव पटेल ने सर्वाधिक 53 रन की पारी खेली। आखिरी ओवर्स में टीम साउदी ने आरसीबी के लिए अहम 36 रन बनाए।
इसके पहले 128 रन के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की शुरुआत निराशाजनक रही। शेन वॉटसन (11) को तीसरे ही ओवर में उमेश यादव ने क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद मिस्टर आईपीएल के नाम से मशहूर बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना क्रीज पर पहुंचे। अभी दूसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी पनप ही रही थी कि उमेश यादव ने रैना (25) के रूप में अपना दूसरा शिकार किया। अब सारी निगाहें शानदार फॉर्म में चल रहे अंबाती रायुडू पर थी। मगर उन्हें 32 के निजी स्कोर पर मुरुगन अश्विन ने चलता किया। अब क्रीज पर कप्तान एसएस धोनी पहुंच चुके थे। मगर मैच में उस वक्त नाटकीय मोड़ आया जब अगले ही ओवर में कॉलिन डी ग्रांडहोम ने पहला मैच खेल रहे युवा बल्लेबाज ध्रुव शौरी (8) को मनदीप सिंह के हाथों झिलवाया। यहां से लग रहा था कि आरसीबी मैच में वापसी कर रहा है। गेंदबाजों ने धोनी और ड्वेन ब्रावो को बांध रखा था। मगर धोनी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में टीम को जीत दिला दी।
विज्ञापन
फिरकी के आगे RCB का फ्लॉप शो
इसके पहले एमएस धोनी ने टॉस जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को बल्लेबाजी के लिए बुलाया था। RCB की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी। टीम के धुआंधार सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम (5) दूसरे ओवर में ही चलते बने। लुंगी एन्गिडी ने उन्हें शार्दुल ठाकुर के हाथों झिलवाया। इसके बाद आए कप्तान कोहली से टीम को काफी उम्मीदें थी। मगर शुरू से ही लय में नजर नहीं आ रहे कप्तान कोहली (8) को जडेजा ने क्लीन बोल्ड कर दिया। अभी टीम के खाते में 9 रन ही जुड़े थे कि लंबे समय बाद वापसी कर रहे एबी डीविलियर्स (1) भी चलते बने।
हरभजन सिंह की गेंद पर विकेट के पीछे एमएस धोनी ने गजब की फूर्ती दिखाते हुए उन्हें स्टंप आउट किया। टीम का फ्लॉप शो यहीं खत्म नहीं हुआ, अगले 6 ओवर्स के भीतर 'विराट सेना' के 4 अहम विकेट गिर गए। मंदीप सिंह (7) को जडेजा ने विली के हाथों झिलवाया। अपने अगले ही ओवर में पार्थिव पटेल (53) जडेजा का तीसरा शिकार बने। अगले ओवर में भज्जी ने एम अश्विन (1) को पवेलियन भेजा। डी ग्रांडहोम( 8) के रूप में RCB को सांतवां झटका लगा, उन्हें विली ने रैना के हाथों कैच आउट करवाया। फिर उमेश यादव (1) रन आउट हो गए। RCB का नौवां विकेट 20वे ओवर की आखिरी गेंद पर मोहम्मद सिराज (3) के रूप में गिरा। वो भी रन आउट हुए।
दोनों ही टीमों में कई अहम बदलाव देखने को मिले। धोनी की सीएसके से फाफ डू प्लेसी और कर्ण शर्मा और केएम आसिफ आज के मैच से बाहर हैं तो शार्दुल ठाकुर, डेविड विली और ध्रुव शौरी को मौका मिला। दूसरी ओर आरसीबी के खेमे में एबी डीविलियर्स पूरी तरह फिट हो चुके हैं, वो डीकॉक की जगह लेंगे। मनन वोहरा की जगह पार्थिव पटेल को जगह मिली है तो वॉशिंगटन सुंदर की जगह मुरुगन अश्विन खेलेंगे।
आरसीबी: पार्थिव पटेल, ब्रैंडन मैकुलम, विराट कोहली (कप्तान), एबी डीविलियर्स, मनदीप सिंह, कॉलिन डी ग्रांडहोम, एम अश्विन, टीम साउदी, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज, युजवेन्द्र चहल।