हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कश्मीरी लड़कियों के संबंध में दिए अपने बयान पर सफाई देते हुए शनिवार को कहा कि उनके इस बयान का गलत मतलब निकाला गया। खट्टर ने सोनीपत में एक कार्यक्रम के दौरान अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा, ‘बेटियां सभी की एक समान होती हैं। मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया है।’
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने खट्टर के बयान को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा है। गांधी ने शनिवार को कहा कि यह (खट्टर का बयान) इस बात का प्रमाण है कि आरएसएस का प्रशिक्षण एक व्यक्ति की सोच को कैसा बना देता है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘कश्मीरी महिलाओं के बारे में हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर की टिप्पणी निंदनीय है। यह दिखाता है कि आरएसएस का वर्षों का प्रशिक्षण एक कमजोर, असुरक्षित और दयनीय व्यक्ति की सोच को कैसा बना देता है।’ उन्होंने कहा, ‘महिला कोई संपत्ति नहीं है कि पुरुषों का उन पर स्वामित्व होगा।’
दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी मनोहर लाल खट्टर के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि शीर्ष पदों पर बैठे लोगों को जम्मू-कश्मीर के लोगों के बारे में असंवेदनशील टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
खट्टर का नाम लिए बिना बनर्जी ने एक ट्वीट में कहा, ‘उच्च पदों पर बैठे हम और कई अन्य लोगों को जम्मू-कश्मीर के प्यारे लोगों के खिलाफ असंवेदनशील टिप्पणी करने से बचना चाहिए। ऐसी टिप्पणियां केवल जम्मू कश्मीर को ही नहीं बल्कि समूचे देश को चोट पहुंचाती है।’
खट्टर के विवादित बयान पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने उनसे माफी मांगने की मांग की। जयहिंद ने कहा, ‘चुनाव जीतने के लिए भाजपा कोठे भी खुलवा सकती है...।’ उन्होंने कहा कि बहन-बेटी सबकी बराबर होती है। उन्होंने पांच साल में कितनी शादियां करवाई हैं? यह बताएं।
वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने शनिवार को कहा कि वह उत्तर प्रदेश भाजपा के विधायक विक्रम सिंह सैनी से उनकी टिप्पणियों के लिए जवाब मांगेंगी। सैनी ने कथित तौर पर कहा था कि पार्टी कार्यकर्ता अब जम्मू-कश्मीर जा सकेंगे और वहां ‘‘गोरी’’ महिलाओं से विवाह करेंगे।
शर्मा ने किसी का नाम लिए बगैर एक ट्वीट में कहा, ‘‘उनकी कल्पना महिलाओं, उनके रंग तक ही सीमित क्यों है? कैसे वह अपना बड़ा मुंह खोलते हैं और महिलाओं के लिए इस तरह की मूर्खतापूर्ण टिप्पणी करते हैं? लोग उन्हें सत्ता में क्यों चुनते हैं? मैं निश्चित तौर पर उनसे जवाब मांगूंगी?’’