असदुद्दीन ओवैसी और हरनाथ सिंह यादव
- फोटो : ANI
भाजपा के राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव ने एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर कड़ा हमला करते हुए उनकी तुलना जिन्ना से की। उन्होंने कहा कि अगर आप ओवैसी साहब का डीएनए टेस्ट करेंगे तो उसमें जिन्ना का डीएनए मिलेगा।
इतना ही नहीं, हरनाथ सिंह यादव ने यह भी कहा कि सीएए के विरोध में ओवैसी नहीं बोल रहे बल्कि जिन्ना की आत्मा बोल रही है। ओवैसी देश के टुकड़े-टुकड़े कर देना चाहते हैं। भाजपा सांसद ने मांग करते हुए कहा कि ओवैसी पर देशद्रोह का मुकदम्मा दायर कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
बता दें कि ओवैसी ने हाल में ही नागरिकता कानून को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि जो मोदी-शाह के खिलाफ आवाज उठाएगा वो सही मायने में मर्द-ए-मुजाहिद कहलाएगा... मैं वतन में रहूंगा, कागज नहीं दिखाऊंगा। कागज अगर दिखाने की बात होगी तो सीना दिखाएंगे की मार गोली। मार दिल पे गोली मार क्योंकि दिल में भारत की मोहब्बत है।
ओवैसी पहले भी सीएए और एनआरसी को लेकर मोदी सरकार पर हमला करते रहे हैं। कुछ दिन पहले ओवैसी ने सीएए को भेदभाव पूर्ण बताया था। उन्होंने कहा था कि इस कानून से मुसलमानों को परेशान किया जाएगा।
कुछ दिन पहले ही ओवैसी ट्वीट किया था, 'प्रधानमंत्री कार्यालय का कहना है कि सीएए किसी भी भारतीय की नागरिकता लेने का कानून नहीं है। लेकिन जैसा मैं कहता हूं इसका उपयोग गैर मुस्लिमों को हिरासत से निकालने के लिए किया जाएगा उनके मामले समाप्त कर दिये जाएंगे। मुस्लिम हिरासत में रहेंगे।'
असदुद्दीन ओवैसी ने छह फरवरी को आशंका जताई थी कि मतदान के बाद दिल्ली के शाहीन बाग को भाजपा जलियांवाला बाग बना देगी। शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ करीब दो महीने से लोग धरने पर बैठे हैं।