गुजरात में पाटीदार अनामत आंदोलन के जरिए चर्चित हुए युवा नेता हार्दिक पटेल जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही हार्दिक कांग्रेस की टिकट पर गुजरात के जामनगर लोकसभा सीट से लोकसभा चुनाव भी लड़ सकते हैं। कांग्रेस पार्टी के शीर्ष पदस्थ सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
हालांकि इससे पहले 21 फरवरी को हार्दिक पटेल ने अखिलेश यादव के साथ सपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेस की थी। इसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश (यूपी) में हुए सपा-बसपा गठबंधन का स्वागत किया था और कहा कि यह गठबंधन बहुत मजबूत है जो भाजपा को यूपी में हरा सकता है। इस दौरान पटेल ने कहा, "मैं यूपी के दौरे पर हूं। प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, मिर्जापुर व सोनभद्र गया था। लोग भाजपा के शासन से त्रस्त हैं। और उनसे छुटकारा चाहते हैं।"
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में हार्दिक पटेल ने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जब कोई वीवीआईपी जाता है तो 50 मिनट पहले ही सड़क बंद कर दी जाती है लेकिन सीआरपीएफ के जवान जिस सड़क से जा रहे थे उसे क्यों नहीं बंद करवाया गया। मामले की जांच होनी चाहिए और जो दोषी है उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।
हार्दिक ने गुजरात मॉडल पर कहा कि जिस गुजरात मॉडल को पूरे देश में बेचा जाता है। उसी गुजरात के 20 जिलों में सिंचाई का पानी उपलब्ध नहीं है। इस सरकार ने गुजरात मॉडल दिखाकर देश का बुरा हाल कर दिया है। आज किसान, नौजवान व महिलाएं सभी परेशान हैं। जो भी सरकार से सवाल पूछता है उसे देशद्रोही करार दिया जाता है। हमें इन लोगों से देशभक्ति सीखने की जरूरत नहीं है।