केंद्र सरकार ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के स्वेदशीकरण के लिए मुहिम छेड़ दी है। सरकार ने एचएएल को डिफेंस सेक्टर के लिए 1000 फाइटर प्लेन और 100 हेलिकॉप्टर बनाने का ऑर्डर दे दिया है। इसके साथ ही कंपनी जल्द ही भारतीय वायुसेना को 123 तेजस विमानों की आपूर्ति करने जा रही है।
अगले साल से शुरू होगी तेजस की आपूर्ति
एचएएल के चेयरमैन और एमडी टी सुवर्णा राजू ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि अगले साल यानी 2018-19 में कंपनी पहले चरण में 16 तेजस विमान वायुसेना को देगी। इसके अलावा अगले पांच साल में कंपनी वायुसेना के अन्य विमानों जैसे कि सुखोई-30 एमकेआई, जगुआर और मिराज जेट विमानों को पूरी तरह से अपग्रेड करेगा। कंपनी इनकी मारक क्षमता को भी बढ़ाने जा रही है।
राजू ने कहा कि जिन हेलिकॉप्टर का निर्माण एचएएल करने जा रही है, उनमें हल्का लड़ाकू हेलिकॉप्टर, कमॉव 226 और एडवांस लाइट हेलिकॉप्टर का निर्माण अगले 10 सालों में करेगा।