बेटी से बलात्कार के आरोपी एक व्यक्ति ने असम के डिब्रूगढ़ जिला एवं सेशन कोर्ट परिसर में शुक्रवार को पत्नी की गला रेत कर हत्या कर दी। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने आरोपी पूर्णो नाहर डेका को तत्काल धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया।
डिब्रूगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप सैकिया ने बताया कि अपनी बेटी के साथ बलात्कार करने का आरोपी पूर्णो इन दिनों जमानत पर था। इससे पहले वह करीब नौ महीने तक इस मामले में जेल में रह चुका था। शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई थी। इसको लेकर आरोपी पूर्णो और इस मामले में शिकायतकर्ता उसकी पत्नी रीता नाहर डेका भी कोर्ट आए थे।
इसी दौरान अचानक अपनी जेब से चाकू निकालकर पत्नी का गला काट दिया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी पत्नी से बातचीत कर रहा था। हमला करने के बाद आरोपी ने दावा किया कि वह निर्दोष है और पत्नी ने उसके खिलाफ झूठा मामला दायर कराया।