गुजरात में भाजपा ने एक अंजान से चेहरे को पार्टी की बागडोर सौंप दी है। भावनगर पश्चिम से विधायक जीतू वघानी को प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया गया है। खास बात ये है कि जीतू उसी पाटीदार समुदाय से आते हैं जो पिछले कुछ समय से भाजपा की मुश्किलें बढ़ाए हुए है। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री की रेस में नितिन पटेल के पिछड़ने के बाद पाटीदार समुदाय की नाराजगी दूर करने के लिए भाजपा ने यह कदम उठाया है।
45 साल के वघानी लेवा पाटीदार समुदाय से आते हैं जिसका राज्य में काफी प्रभाव है। वो राज्य के सबसे कम उम्र के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। जानकारों की मानें तो सौराष्ट्र से आने वाले वघानी को अध्यक्ष बनाने का मकसद सौराष्ट्र और पाटीदारों को पर्याप्त प्रतिनिधत्व देना है।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार बैंकर परिवार से आने वाले वघानी ने अपनी राजनीति की शुरूआत भाजपा की छात्र इकाई एबीवीपी से शुरू की थी। भावनगर के एमजे कालेज से अपनी पढ़ाई के दौरान एबीवीपी से जुड़े। इसके बाद वह आरएसएस से भी काफी समय तक जुड़े रहे जहां से भाजपा में पहुंचे और 1990 में उन्हें भावनगर जिला समिति का महासचिव बनाया गया।