मोहम्मद बशीर जैसी किस्मत शायद ही कुछ लोगों की होती है, एक बड़े विमान हादसे में उनकी जान बाल बाल बची तो किस्मत का शुक्रिया मना ही रहे थे कि उन्हें पता लगा कि उनकी साढ़े छह करोड़ की लॉटरी लग गई है।
बशीर को यकीन ही नहीं हो रहा है कि एक हफ्ते में किस्मत दो बार उन पर इस कदर मेहरबान हो गई है। आइए अब आपको बताते हैं पूरा मामला।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार केरल निवासी 62 वर्षीय मोहम्मद बशीर अब्दुल खादर कुछ दिन पहले ही दुबई में हुए जेट एयरवेज के विमान हादसे में बाल बाल बचे थे।
अखबार ने गल्फ न्यूज के हवाले से बताया कि मोहम्मद बशीर ने ईद की छुट्टियों पर अपने घर तिरुअनंतपुरम जाने से पहले लॉटरी का एक टिकट खरीदा था। दुबई में एक बड़े कार डीलर के ग्रुप के साथ फ्लीट एडमिनिस्ट्रेटर के तौर पर काम करने वाले बशीर को एक आदत है कि वह अपने घर जाने से पहले लॉटरी का एक टिकट खरीदते हैं। लेकिन 17 टिकट खरीदने के साथ ही उनकी किस्मत तब चमक उठी जब उनकी एक मिलियन डॉलर की लॉटरी लग गई।