गुजरात सरकार ने बुधवार को वलसाड जिले की एक प्रोबेशनरी युवा विकास अधिकारी को 'माई रोल मॉडल - नाथूराम गोडसे' विषय से स्कूली छात्रों के लिए एक भाषण प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए निलंबित कर दिया गया। यह मामला बुधवार को तब सामने आया जब वलसाड जिले के स्थानीय समाचार पत्रों ने यह दावा करते हुए रिपोर्ट प्रकाशित की कि एक छात्रा ने 'माई रोल मॉडल - नाथूराम गोडसे' विषय पर बोलने के लिए भाषण प्रतियोगिता जीती है।
महिला अधिकारी तुरंत निलंबित
खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि राज्य मंत्री हर्ष संघवी द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद वलसाड जिले की परिवीक्षाधीन वर्ग-2 जिला युवा विकास अधिकारी मीताबेन गवली को तत्काल निलंबित कर दिया गया। संघवी ने गांधीनगर में संवाददाताओं से कहा कि मैंने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। हम दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। कुछ घंटों के भीतर गवली को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया गया।
आदेश में कहा गया है कि विभाग के वलसाड कार्यालय द्वारा 14 फरवरी को एक निजी स्कूल में आयोजित भाषण प्रतियोगिता के लिए विषय चयन में अधिकारी को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए थी। प्रतियोगिता पूरे वलसाड जिले के 11 से 13 वर्ष की आयु वर्ग के प्राथमिक विद्यालयों के छात्रों के लिए आयोजित की गई थी।
छात्रों को तीन विषय दिए गए थे
14 फरवरी को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों को चुनने के लिए तीन विषय दिए गए थे। गवली द्वारा प्रदान किए गए विषयों में से एक 'माई रोल मॉडल - नाथूराम गोडसे' था। अन्य दो विषय थे - 'मुझे केवल वही पक्षी पसंद हैं जो आसमान में उड़ते हैं' और 'मैं वैज्ञानिक बनूंगा लेकिन अमेरिका नहीं जाऊंगा'।
विभाग ने जब वलसाड जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी बीडी बरियाया से जानकारी मांगी तो उन्होंने विभाग को बताया कि मीताबेन गवली ने इन विषयों का चयन किया था और भाषण प्रतियोगिता के बारे में सूचित करने के लिए प्राथमिक विद्यालयों को पत्र लिखा था।