गुजरात के कच्छ के मांडवी सोमवार की सुबह छह से आठ बजे तक 4.1 इंच बारिश हुई। शहर में कई इलाकों में घुटने तक पानी भर गया। कच्छ के अबडासा, मुंद्रा, गांधीधाम, नखत्राणा समेत कई इलाकों में भी बारिश हुई। रविवार को भी मांडवी में छह इंच बारिश हुई थी।
तेज बारिश की वजह से जिले में पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के घरों में पानी घुस गया। पानी भरने के कारण महामारी से निपटने में लगे सरकारी कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को पुलिस और सिविल आस्पताल के क्वार्टर में भी पानी घुस गया था। गुजरात के कई जिलों में हुई बारिश के बाद क्षेत्रीय मौसम कार्यालय ने अरब सागर में सोमवार को तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
देश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना
देश की राजधानी दिल्ली में भी हल्की बारिश होने से गर्मी से काफी राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिनों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में 23 जून को बारिश होने की संभावना है।