गुजरात के कच्छ जिले में खावड़ा के पास रिन्यूएबल एनर्जी पार्क में शुक्रवार तड़के ट्रक और बोलेरो कैंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा घायल हो गए। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे मजदूरों को क्रेन की मदद से निकाला गया। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है और संभावित लापरवाही के पहलू को भी खंगाल रही है।
गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार तड़के एक ट्रक और पिकअप वाहन बोलेरो कैंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा खावड़ा के पास स्थित रिन्यूएबल एनर्जी पार्क के अंदर सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच हुआ।
विज्ञापन
दोनों वाहनों की टक्कर कैसे हुई?
खावड़ा पुलिस थाने के उपनिरीक्षक एमबी चावड़ा के मुताबिक, ट्रक और बोलेरो कैंपर (पिकअप वाहन) विपरीत दिशाओं से आ रहे थे। इसी दौरान दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो कैंपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय पिकअप वाहन में सवार सभी लोग इसकी चपेट में आए।
सात मजदूरों की मौत कैसे हुई?
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद सात मजदूर बुरी तरह क्षतिग्रस्त बोलेरो कैंपर के अंदर फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। हालांकि, इन सातों मजदूरों की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, हादसे में घायल 20 से ज्यादा मजदूरों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घायलों की हालत या उनकी पहचान के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी है।