गुजरात हाईकोर्ट के जज निखिल कारियल के तबादले को लेकर एडवोकेट एसोसिएशन के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सीजेआई से मुलाकात की। सीजेआई ने कहा कि मांग सही है लेकिन वकीलों को हड़ताल पर नहीं जाना चाहिए। उधर, वकीलों की हड़ताल जारी है। गुजरात हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की अगली बैठक कल होगी।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के द्वारा जज निखिल कारियल का पटना हाईकोर्ट तबादला किया गया। इस तबादले के खिलाफ वकीलों ने काम करना बंद कर दिया था और हड़ताल पर चले गए। इसके बाद सीजेआई धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ ने वकीलों को मिलने का समय दिया था।
मुलाकात के दौरान सीजेआई चंद्रचूड़ ने अधिकारियों को भरोसा दिया कि उनकी मांग पर विचार किया जाएगा। लेकिन पहले हड़ताल और विरोध खत्म करें। तेलंगाना बार ने सीजेआई चंद्रचूड़ के आश्वासन के बाद अपनी हड़ताल समाप्त करने और काम फिर से शुरू करने का फैसला किया है। वहीं गुजरात बार ने कहा है कि मंगलवार को होने वाली बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा।
ये है पूरा मामला
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हाल ही में तबादले किए हैं। जस्टिस निखिल कारियल के अलावा तेलंगाना हाईकोर्ट के जज ए. अभिषेक रेड्डी का भी पटना हाईकोर्ट में तबादला कर दिया गया। वहीं, मंद्रास हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस टी राजा को सीजेआई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने राजस्थान हाईकोर्ट में तबादला कर दिया था। इसी तबादले को लेकर गुजरात हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन विरोध कर रहा है। उनका कहना है कि इस आदेश को वापस लिया जाए।
जस्टिस पंचोली के गुजरात से पटना हाईकोर्ट में तबादले की सिफारिश
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने गुजरात हाईकोर्ट के जज जस्टिस विपुल एम पंचोली के पटना हाईकोर्ट में तबादला करने की सिफारिश की है। कॉलेजिय ने 29 सितंबर को यह सिफारिश की थी, लेकिन इसे सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया। एक बयान में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 29 सितंबर, 2022 को हुई बैठक में गुजरात हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस विपुल मनुभाई पंचोली को पटना हाईकोर्ट में स्थानांतरित करने की सिफारिश की है।