गांधीनगर नगर निकाय में लिपिक पदों के लिए रविवार को आयोजित एक प्रतियोगिता परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों से पाटीदार नेता हार्दिक पटेल से संबंधित प्रश्न पूछा गया।
पटेल समुदाय के 25 वर्षीय नेता का 19 दिन लंबा अनशन बुधवार को समाप्त हुआ। हार्दिक ने गुजरात के किसानों के लिए कर्ज माफी और अपने समुदाय के लिए आरक्षण की मांग करते हुये अनशन किया था। परीक्षा में पूछा गया सवाल उनके अनशन से संबंधित था।
बहुवैकल्पिक प्रश्न था: हाल ही में अनशन पर बैठे हार्दिक पटेल को किस नेता ने पानी पिलाने की पेशकश की? परीक्षार्थियों को इसके लिए चार विकल्प दिये गये थे: शरद यादव, शत्रुघ्न सिन्हा, लालू प्रसाद और विजय रुपाणी।
इस सवाल का सही जवाह है- शरद यादव।
गौरतलब है कि हार्दिक पटेल को अपने अनशन के दौरान कई राजनीतिक दलों का समर्थन मिला। अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, अरविंद केजरीवाल जैसे बड़े नेताओं ने भी उनको समर्थन का ऐलान किया था। इसके अलावा बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा और पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने भी हार्दिक से मुलाकात की थी।
(इनपुट : भाषा)