केजरीवाल ने कहा, मैं वादा करता हूं कि आम आदमी पार्टी सत्ता में आने के बाद गुजरात के हर गांव में सरकारी स्कूलों का निर्माण करेगी। हम कच्छ क्षेत्र के हर कोने में नर्मदा का पानी पहुंचाएंगे।
गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले सभी दलों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सभी दलों के शीर्ष नेता लगातार राज्य के दौरे कर रहे हैं। शनिवार को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने के बाद हर गांव में सरकार स्कूलों का निर्माण किया जाएगा।
विज्ञापन
केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवनंत मान भी हैं। कच्छ जिले के गांधीधाम कस्बे में एक रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में गरीब परिवारों के सरकारी स्कूलों के छात्र मेडिकल और इंजीनियरिंग कोर्स में एडमिशन ले रहे हैं। वे अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी पाकर अपने परिवारों को गरीबी से बाहर निकालेंगे। लेकिन गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा स्कूलों को बंद कर रही है।
केजरीवाल ने आगे कहा, मैं वादा करता हूं कि आम आदमी पार्टी सत्ता में आने के बाद गुजरात के हर गांव में सरकारी स्कूलों का निर्माण करेगी। हम कच्छ क्षेत्र के हर कोने में नर्मदा का पानी पहुंचाएंगे। अपने बच्चों के भविष्य के लिए आम आदमी पार्टी को एक मौका दें।
विज्ञापन
आप नेता ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में आने के बाद लोगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज मुहैया कराने के लिए गुजरात के 33 जिलों में एक-एक सरकारी अस्पताल का निर्माण करेगी। केजरीवाल ने आगे कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों को प्रतिमाह क्रमश: पांच हजार यूनिट और चार हजार यूनिट बिजली मुफ्त मिल रही है, लेकिन यहां की राज्य सरकार आम जनता को 300 यूनिट बिजली देने को मना कर रही है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, आप शासित दिल्ली और पंजाब के लोगों का अब जीरो बिजली का बिल आ रहा है। यह गुजरात में भी हो सकता है। लेकिन ये लोग (भाजपा) कहते हैं कि मैं 'रेवड़ी' बांट रहा हूं। विधानसभा चुनावों में जीत के बाद 1 मार्च से आपको भी बिजली का बिल जीरो मिलेगा।
वहीं इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनके राज्य के 74 लाख परिवारों के घरों में बिजली के मीटर लगे हुए हैं और उनमें से 51 लाख को जीरो बिजली का बिल मिला है।