गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
गुजरात चुनाव में वडोदरा जिले की पड़रा सीट कांग्रेस के नजरिए से काफी खास है। ये सीट राज्य की उन 77 सीटों में शुमार है जिनमें 2017 में कांग्रेस को जीत हासिल हुई थी। और अब उसकी नजरें यहां अपने प्रदर्शन को दोहराने पर थीं। हालांकि, इस बार यहां कांग्रेस को हार झेलनी पड़ी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जशपाल सिंह ठाकोर को भाजपा के चैतन्यसिंह प्रतापसिंह झाला ने 6,178 वोटों से हरा दिया।
इसके अलावा यहां आप और बसपा जैसी पार्टियों के उम्मीदवार भी मैदान में थे लेकिन दोनों के उम्मीदवार अपनी जमानत भी नहीं बचा सके। आम आदमी पार्टी की ओर से उतरे संदीप सिंह राज को महज 1,999 वोट मिले। वहीं, बसपा प्रत्याशी सविताबेन मकवाना को केवल 1,172 वोट मिले। जबकि, इन दोनों से ज्यादा नोटा को 2,071 वोट मिले।
2017 में यहां कांग्रेस को जीत मिली थी
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में कांग्रेस ने पिछला चुनाव हारने वाले जशपाल सिंह ठाकोर पर एक बार फिर से विश्वास जताया था। पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए ठाकोर ने इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार दिनेश भाई पटेल को 19 हजार वोटों से हराया था। इस चुनाव में कुल नौ उम्मीदवार मैदान में थे जिनमें से सात उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
2017 से पहले 2012 चुनाव में इस सीट को भाजपा ने जीता था। भाजपा की ओर से मैदान में उतरे दिनेश भाई पटेल ने कांग्रेस के जशपाल सिंह ठाकोर को शिकस्त दी थी।
जशपाल ठाकोर कांग्रेस की टिकट पर तीसरी बार मैदान में थे
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर कांग्रेस ने तत्कालीन विधायक जशपाल सिंह ठाकोर को लगातार तीसरी बार मैदान में उतारा था। वहीं, भाजपा ने चैतन्यसिंह प्रतापसिंह झाला को अपना प्रत्याशी बनाया था। आम आदमी पार्टी की ओर से संदीप सिंह राज मैदान में थे। इस सीट पर पांच दिसंबर को दूसरे चरण में मतदान उया था। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में वडोदरा में भाजपा ने जीती थी आठ सीट
पड़रा सीट, वडोदरा जिले में आने वाली दस विधानसभा सीटों में से एक है। 2017 में जिले की दस में से आठ सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, दो सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।