गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। चार सीटें अन्य के खाते में गई।
अहमदाबाद जिले की दसक्रोई जो 1985 से भाजपा के कब्जे में है। भाजपा ने इस चुनाव के लिए मौजूदा विधायक बाबूभाई पटेल को अपना प्रत्याशी बनाया था। बाबूभाई ने कांग्रेस के उम्मेदी बुद्धाजी जाला को 91,637 वोटों से करारी शिकस्त दी।
2017 में यहां भाजपा को मिली थी जीत
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा ने मौजूदा विधायक बाबूभाई पटेल को टिकट दिया था। बाबूभाई ने कांग्रेस के पंकज भाई पटेल को 45 हजार वोटों से शिकस्त दी थी। इस चुनाव में कुल दस उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी आठ उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
2017 से पहले 2012 में भी इस सीट पर भाजपा को जीत हासिल हुई थी। उस चुनाव में भाजपा की ओर से मैदान में उतरे बाबूभाई पटेल ने कांग्रेस के लक्ष्मण भाई बरैया को शिकस्त दी थी।
1990 से इस सीट पर नहीं हारी भाजपा
उत्तर गुजरात की ये सीट सत्ताधारी भाजपा के लिए एक मजबूत किले के रूप में मानी जाती है। पार्टी ने 1990 से लेकर अब तक हुए सभी चुनाव जीते हैं। कांग्रेस को पिछली जीत 1985 में नसीब हुई थी तब से यहां उसके लिए मानों जीत का सूखा ही पड़ गया हो।
ठाकोर व पटेल वोटर तय करते हैं जीत
दसक्रोई सीट, गुजरात की उन सीटों में शामिल है जहां ठाकोर और पटेल वोटर राजनीतिक पार्टियों की किस्मत का फैसला करते हैं। यहां सबसे ज्यादा ठाकोर वोटर हैं उसके बाद पटेल। इन दोनों के अलावा दलित व क्षत्रिय वोटर भी काफी संख्या में हैं।
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने अपने मौजूदा विधायक बाबूभाई पटेल को मैदान में उतारा था। इस चुनाव से पहले बाबूभाई लगातार चार चुनाव जीत चुके हैं। कांग्रेस ने इस सीट पर उम्मेदी बुद्धाजी जाला को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। इस सीट पर पांच दिसंबर को दूसरे चरण में मतदान हुआ। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में अहमदाबाद जिले की 15 सीटों पर जीती थी भाजपा
दसक्रोई सीट अहमदाबाद जिले में आती है। इस जिले में कुल 21 सीटें हैं। 2017 में जिले की 21 में से 15 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, छह सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।