किन विधायकों ने किया था चुनाव नहीं लड़ने का एलान?
भाजपा की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी (CEC) की बैठक बुधवार को दिल्ली में हुई। बैठक से ऐन पहले कई दिग्गज नेताओं ने चुनाव नहीं लड़ने की चिट्ठी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को लिखी थी। इन नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, पूर्व गृहराज्यमंत्री प्रदीप सिंह जडेजा, पूर्व विधि एवं शिक्षा मंत्री भूपेन्द्र सिंह चूडासमा और पूर्व मंत्री सौरभ पटेल, प्रदेश अध्यक्ष रहे आरसी फलदू, भावनगर से विधायक और रुपाणी सरकार में मंत्री रहे विभावरी बेन दवे, कौशिक पटेल, वल्लभ काकड़िया और योगेश पटेल शामिल थे।
जिन बड़े चेहरों ने चुनाव नहीं लड़ने का एलान किया था उनकी सीट पर क्या हुआ?
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की जगह डॉ. दर्शिता शाह राजकोट पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार बनाया गया है। मेहसाणा सीट से नितिन पटेल की जगह मुकेश पटेल को उतारा गया है। धोलका सीट से किरीट सिंह डाभी उम्मीदवार होंगे। 2017 में यहां से भूपेन्द्र सिंह चूडासमा जीते थे। चूडासमा भी चिट्ठी लिखने वाले नेताओं में शामिल थे। बोटाद सीट से पूर्व मंत्री सौरभ पटेल की जगह घनश्यामभाई विराणी को टिकट मिला है। जामनगर दक्षिण से विधायक और पूर्व अध्यक्ष आरसी फलदू की जगह दिव्येश अकबरी उम्मीदवार होंगे।
अहमदाबाद की नारणपुरा से जितेंद्रभाई पटेल भाजपा उम्मीदवार होंगे। उन्हें कौशिक पटेल की जगह टिकट मिला है। अहमदाबाद की ही ठक्करबापा नगर सीट से कंचनबेन रादड़िया को टिकट मिला है। यहां से मौजूदा विधायक वल्लभ काकड़िया ने भी चुनाव नहीं लड़ने का एलान किया था।
रवींद्र जडेजा की पत्नी रीवा को भी टिकट मिला है।
- फोटो : Instagram
क्या चुनाव नहीं लड़ने का एलान करने वाले कुछ विधायकों की सीट पर नए चेहरे नहीं उतारे गए हैं?
अहमदाबाद जिले की वटवा सीट से विधायक और पूर्व गृह मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा की सीट से अभी उम्मीदवार का एलान नहीं किया गया है। भावनगर पूर्व से विभावरी बेन दवे की जगह अभी किसी उम्मीदवार का एलान नहीं किया गया है। दवे ने भी चुनाव नहीं लड़ने का एलान किया है। इसी तरह वडोदरा की मंजलपुर सीट से भाजपा विधायक योगेश पटेल की सीट पर भी उम्मीदवार का एलान नहीं हुआ है।
इस लिस्ट में कितनी महिलाओं को मिली जगह?
160 उम्मीदवारों की लिस्ट में 40 महिलाओं को जगह मिली है। इनमें क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी सबसे चर्चित चेहरा हैं। जडेजा की पत्नी रीवाबा जडेजा को जामनगर उत्तर से भाजपा उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट से 2017 में भाजपा के धर्मेंद्र सिंह जडेजा जीते थे। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की सीट से भी महिला उम्मीदवार को टिकट मिला है। रूपाणी की जगह डॉ. दर्शिता शाह राजकोट पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार बनाया गया है।
चुनाव की तारीखें क्या हैं?
पहले चरण में 89 सीटों पर चुनाव होगा। पहले चरण के लिए पांच नवंबर को अधिसूचना जारी हो जाएगी। 14 नवंबर तक नामांकन किया जा सकेगा। नामांकन पत्रों की जांच 15 नवंबर को होगी। 17 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। वहीं, एक दिसंबर को चुनाव होगा।
इसी तरह दूसरे चरण में 93 सीटों पर चुनाव होना है। इसके लिए अधिसूचना 10 नवंबर को जारी होगी। 17 नवंबर तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। 18 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। वहीं, 20 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। दूसरे चरण के लिए पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। चुनाव नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे।
किस जिले में कब होगा चुनाव?
पहले चरण में 19 जिलों की 89 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। जिन जिलों में पहले चरण में मतदान होगा उनमें कच्छ, सुरेंद्रनगर, मोरबी, राजकोट, जामनगर, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, बोटाद, नर्मदा, भरूच, सूरत, तापी, डांग्स, नवसारी, और वलसाड जिले शामिल हैं। यानी, पहले चरण में सौराष्ट्र कच्छ और दक्षिण गुजरात में चुनाव पूरा हो जाएगा।
दूसरे चरण में 14 जिलों की 93 सीटों पर चुनाव होगा। इन जिलों में बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, अरावली, गांधीनगर, अहमदाबाद, आणंद, खेड़ा, महिसागर, पंच महल, दाहोद, वडोदरा और छोटा उदयपुर शामिल हैं। यानी, दूसरे चरण में मध्य और उत्तर गुजरात की सीटों पर चुनाव संपन्न होगा।