गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। चार सीटें अन्य के झोली में गिरी।
कच्छ जिले का अंजार क्षेत्र अपने ऐतिहसिक एवं राजनीतिक महत्व के लिए जाना जाता है। अंजार सीट, पाकिस्तान की सीमा से सटे कच्छ जिले की छह सीटों में से एक है। 2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने अपने मौजूदा विधायक वासनभाई अहीर का टिकट काट दिया था। उनकी जगह भाजपा ने त्रिकमभाई बिजलभाई छांगा को अपना उम्मीदवार बनाया था। हालांकि पार्टी की उमीदों पर खरा उतरते हुए छांगा ने इस चुनाव में कांग्रेस के रमेशभाई डांगर को 37,709 वोटों से हरा दिया।
2017 में यहां जीती थी भाजपा
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा ने वासनभाई अहीर को अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार वीके हुंगल को 11 हजार वोटों से शिकस्त दी थी। इस सीट पर भाजपा की लगातार तीसरी जीत थी। इस चुनाव में कुल 12 उम्मीदवार मैदान में थे। कांग्रेस व भाजपा उम्मीदवारों के अलावा बाकी दस उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। 2012 में हुए चुनाव में भाजपा के वासनभाई अहीर ने कांग्रेस के वीके हुंगल को चार हजार वोटों से परास्त किया था।
इस सीट पर कांग्रेस का रिकार्ड बेहतर
भले ही पिछले चार चुनावों में कांग्रेस को भाजपा के हाथों हार झेलनी पड़ी हो लेकिन इसके पहले के चुनावों में अधिकतर कांग्रेस को ही जीत मिलती रही है। अब तक हुए 14 चुनावों में सात में कांग्रेस की जीत हुई जबकि छह बार भाजपा को जीत हासिल हुई है। 1967 से लेकर 1990 तक कांग्रेस ने लगातार छह चुनाव जीते। 1995 व 1998 में भाजपा की ओर से इसके वरिष्ठ नेता वासन भाई अहीर ने दो चुनाव जीते थे।
गुजरात विधानसभा की पहली महिला अध्यक्ष डॉ निमाबेन आचार्य भी इस सीट से दो बार विधायक बन चुकी हैं। आचार्य ने 2002 में कांग्रेस तो 2007 में भाजपा की टिकट पर चुनाव जीता था।
2022 विधानसभा चुनाव के लिए इस सीट से भाजपा ने त्रिकमभाई बिजलभाई छांग को मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने रमेशभाई एस डांगर को टिकट दिया था। अरजणभाई चनाभाई रबारी को आम आदमी पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया था। इस सीट पर एक दिसंबर को पहले चरण में मतदान हुआ। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में कच्छ जिले में भाजपा ने जीती थी चार सीटें
अंजार सीट, कच्छ जिले के अंतर्गत आने वाली छह सीटों में से एक है। 2017 में जिले की छह में से चार सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, कांग्रेस मात्र दो सीट पर ही जीत दर्ज करने में सफल रही थी।