गुजरात के पूर्व विधायक रघु देसाई (बाएं) ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जगदीश ठाकोर पर लगाए आरोप।
- फोटो : Social Media
गुजरात चुनाव के नतीजे आने के साथ ही एक और राज्य में कांग्रेस में चल रही कलह अब खुलकर सामने आ गई है। अब कांग्रेस की गुजरात इकाई के नेता और पूर्व विधायक रघु देसाई ने विधानसभा चुनाव हारने का ठीकरा प्रदेशाध्यक्ष जगदीश ठाकोर पर फोड़ा है। उन्होंने पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व से मांग की है कि ठाकोर को निलंबित कर दिया जाए। देसाई ने आरोप लगाया कि ठाकोर के ‘करीबी सहयोगियों’ ने चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया।
पाटन जिले की राधनपुर सीट से चुनाव हारने के बाद देसाई ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सोमवार को चिट्ठी लिखकर अपनी मांग का खुलासा किया। उन्होंने यह पत्र मंगलवार को मीडिया के साथ साझा किया। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि ठाकोर के सहयोगियों ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ काम किया है और वे ही राधनपुर में पार्टी की हार के लिए जिम्मेदार हैं।
गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति (जीपीसीसी) के अध्यक्ष ने अपने देसाई की ओर से लगाए गए आरोपों का कोई सीधा जवाब नहीं दिया। हालांकि, उन्होंने यह कहा कि वे समझ सकते हैं कि चुनाव हारने के बाद किसी को कैसा लगता है।
गौरतलब है कि भाजपा ने इस बार राधनपुर से लविंगजी ठाकोर को उतारा था। देसाई लगातार यह दावा कर रहे थे कि वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत लेंगे। हालांकि, भाजपा प्रत्याशी ने उन्हें हरा दिया। इसी के साथ गुजरात चुनाव में कांग्रेस महज 17 सीटों पर सिमट गई, जो कि राज्य में उसका सीटों के लिहाज से सबसे खराब प्रदर्शन है।