फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुजरात: CM भूपेंद्र पटेल ने 57502 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, कहा- युवा शक्ति ही भारत की सबसे बड़ी पूंजी

Wed, 08 Oct 2025 07:16 PM IST
राहुल कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने  658 भर्ती मेलों के माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने वाले 55 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र जबकि 25 हजार से अधिक युवाओं को प्रोविजनल ऑफर लेटर वितरित किए।
विज्ञापन
मुख्यमत्री भूपेंद्र पटेल - फोटो : X/@Bhupendrapbjp
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जन विश्वास, सेवा और समर्पण के 24 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मनाए जा रहे "विकास सप्ताह" के दूसरे दिन राज्य में युवा, रोजगार और कौशल सशक्तिकरण समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे राज्य के 33 जिलों के आईटीआई संस्थानों को सीधा प्रसारण जोड़ा गया।

विज्ञापन


इस मौके पर 658 भर्ती मेलों के माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार पाने वाले 57,502 युवाओं को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही 25 हजार से अधिक युवाओं को प्रोविजनल ऑफर लेटर भी दिए गए।

मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि भारत की विशाल युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पूंजी को दीर्घकालिक समृद्धि के लिए राष्ट्र की ताकत में बदलने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं के “स्किल, विल और जील” के बल पर कौशल विकास की नई राह दिखाई है और गुजरात के युवाओं को "जॉब सीकर" से "जॉब गिवर" बनाया है।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि राज्य में आने वाले उद्योगों को उपयुक्त मानवबल उपलब्ध कराने के लिए इंडस्ट्री और आईटीआई के बीच सहयोग मॉडल को और मजबूत किया गया है। इसी दिशा में गुजरात सरकार ने ‘कौशल्य  द स्किल यूनिवर्सिटी’ की स्थापना की है, जहां 12 हजार से अधिक युवाओं ने ग्रीन एनर्जी, सेमीकंडक्टर, एआई, हेल्थकेयर और एग्रो सर्विसेज जैसे क्षेत्रों में सफलता हासिल की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गुजरात आज लगातार चार वर्षों से देश की स्टार्टअप रैंकिंग में शीर्ष पर है। राज्य में 12,500 से अधिक स्टार्टअप आत्मनिर्भर बने हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब तक 1.5 करोड़ से अधिक युवाओं को विभिन्न तकनीकी और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ा गया है। कार्यक्रम के दौरान उद्योगों के अनुरूप मानव संसाधन तैयार करने के लिए 100 से अधिक उद्योग साझेदारों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

श्रम, कौशल एवं रोजगार मंत्री बलवंतसिंह राजपूत ने कहा कि विकास सप्ताह के दौरान राज्य के 57 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार पत्र वितरित किए गए हैं, जो गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पटेल के नेतृत्व में गुजरात ने ऐसी व्यवस्था बनाई है जिससे युवाओं को पढ़ाई के दौरान ही रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

राजपूत ने कहा कि आने वाले समय में 100 फीसदी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के साथ स्थानीय स्तर पर नौकरी मिल सके, इसके लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि गुजरात की बेरोजगारी दर मात्र 1.1 प्रतिशत है, जो देश की औसत 3.2 प्रतिशत दर से काफी कम है।

कार्यक्रम में श्रम, कौशल और रोजगार विभाग के प्रधान सचिव विनोद राव ने बताया कि अगले वर्ष से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि 100 फीसदी छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही प्रोविजनल ऑफर लेटर मिल जाए।

रोजगार एवं प्रशिक्षण निदेशक नितिन सांगवान ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में गांधीनगर की महापौर मीराबेन पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष शिल्पाबेन पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। कार्यक्रम से राज्यभर के 1.5 लाख से अधिक युवा वर्चुअली जुड़े।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें