सार
इससे पहले निर्वाचन आयोग ने पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखें घोषित कर दी थीं। चुनाव आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, गुजरात की दो, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट पर उपचुनाव होने हैं।
विपक्षी कांग्रेस ने गुजरात में आगामी दो सीटों के उपचुनाव के लिए कादी और विसावदर विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। कादी से रमेश चावड़ा और विसावदर से नितिन रणपरिया को उम्मीदवार बनाया गया है। चावड़ा मेहसाणा जिले की कादी विधानसभा सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं। जूनागढ़ जिला पंचायत के सदस्य रह चुके रणपरिया पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। सत्तारूढ़ भाजपा ने 19 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए कादी से राजेंद्र चावड़ा और विसावदर से किरीटभाई पटेल को मैदान में उतारा है। वोटों की गिनती 23 जून को होगी।
त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद
इन सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है, क्योंकि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने पहले ही कादी से जगदीश चावड़ा और विसावदर से गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कादी सीट 4 फरवरी को भाजपा विधायक करसनभाई सोलंकी के निधन के बाद खाली हो गई थी। विसावदर सीट दिसंबर 2023 में आप विधायक भूपेंद्र भयानी के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। बाद में वे सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए।
गुजरात विधानसभा का हाल
182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में भाजपा के 161 विधायक हैं, कांग्रेस के 12 और आप के चार विधायक हैं, जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी के पास है और दो निर्दलीय हैं।
उपचुनाव से जुड़ीं अहम तारीखें
चुनाव आयोग के मुताबिक, जिन पांच सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनके लिए अधिसूचना 26 मई को जारी की गई। नामांकन का आखिरी तारीख आज यानी 2 जून है। नामांकन की जांच 3 जून को की जाएगी। उम्मीदवारों के पास अपने नाम वापस लेने मौका 5 जून तक मिलेगा। इन सीटों पर सभी चुनावी प्रक्रिया 25 जून से पहले पूरी की जानी हैं।