2017 में भाजपा को मिली थीं 99 सीटें
2017 के चुनाव में भाजपा ने 49.05% वोटों के साथ 99 जबकि कांग्रेस को 42.97% वोटों के साथ 77 सीटें मिली थीं। बाद में दलबदल के कारण कांग्रेस की सीटें घटकर 62 रह गईं जबकि भाजपा की बढ़कर 111 हो गईं। भाजपा राज्य में लगातार 6 बार विधानसभा चुनाव जीत चुकी है।
कांग्रेस के आरोप पर चुनाव आयोग ने दिया जवाब, मोरबी पुल ढहने के कारण घोषणा में हुई देरी
चुनाव आयोग ने तारीखों का एलान करते हुए सीईसी ने संकेत दिया कि चुनावों की घोषणा दो दिन पहले की जा सकती थी, लेकिन पुल ढहने की त्रासदी के कारण इसमें देरी हुई। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, आयोग इस बात की भी जांच करेगा कि मोरबी त्रासदी की जांच रिपोर्ट जारी होने से क्या चुनाव में भाग लेने वालों दलों को बराबरी का मौका मिलने में कोई फर्क पड़ेगा। वर्तमान में मोरबी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व भाजपा के बृजेश मेरजा कर रहे हैं। इस क्षेत्र में पहले चरण का मतदान एक दिसंबर को होगा।
कांग्रेस ने कहा था...
कांग्रेस पार्टी के गुजरात प्रभारी रघु शर्मा ने नई दिल्ली में कहा कि आयोग जवाब दे कि हिमाचल और गुजरात के चुनावों की घोषणा अलग-अलग क्यों की गई। इसके चलते भाजपा को सरकारी पैसे पर कई कार्यक्रम करने का मौका मिला।
पीएम मोदी रविवार से संभालेंगे चुनावी मोर्चा, शाह संभालेंगे रणनीति
गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां भाजपा का चेहरा होंगे, वहीं गृह मंत्री अमित शाह मुख्य रणनीतिकार होंगे। पीएम मोदी रविवार को तीन रैलियों के जरिए चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे, जबकि इस दौरान शाह लगातार गुजरात में रह कर चुनावी रणनीति की कमान संभालेंगे।
मतदान से पूर्व पीएम मोदी कम से कम पांच बार राज्य का दौरा करेंगे। हर दौरे में कम से कम तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में चुनिंदा क्षेत्रों में रोडशो भी करेंगे। रविवार को पीएम भावनगर, वलसाड और सुरेंद्रनगर में चुनावी रैलियां करेंगे। इन क्षेत्रों में प्रथम चरण में मतदान होने हैं।