गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार चयन करते वक्त भाजपा ने मौजूदा विधायकों के टिकट काटने के मामले में बेशक अभी कैंची चलाने की शुरूआत नहीं की है। मगर सूत्र बताते हैं कि उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट से भाजपा अपने मौजूदा विधायकों के टिकट काटने के लिए कैंची चलानी शुरू कर देगी। करीब तीन दर्जन मौजूदा विधायकों के टिकट काटने की तैयारी है। इसकी भनक उम्मीदवारों को जमीन पर मिलनी शुरू हो गई है।
पढ़ें- गुजरात चुनाव: भाजपा ने 4 महिला, 8 ठाकोर, 6 क्षत्रिय और 15 पाटीदार पर जताया भरोसा
उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करते हुए पार्टी ने केवल दमदार चेहरों के नामों को ही आगे किया है। पहली लिस्ट में पार्टी ने महज 70 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। अभी 112 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान होना बाकी है। वैसे पहली लिस्ट के तहत घोषित 70 उम्मीदवारों में पार्टी अपने जीत की संभावना बेहद ज्यादा मान रही है। उसे इस बात का विश्वास है कि उसके दमदार चेहरे सत्ता विरोधी रूझान को मात देते हुए जीत दर्ज करने में कामयाब रहेंगे। इसीलिए पहली लिस्ट में दमदारों के ही नाम आगे किए गए हैं। ताकि विरोधी दल इन दामदारों की काट में ही जुटा रहे।
जेठा भाई सोलंकी को रूपाणी ने मिलने बुलाया
दूसरी लिस्ट में विधायकों के नाम पर कैंची चलने के संकेतों के बीच जमीन पर नेताओं और कार्यकर्ताओं का विरोध गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में शुरू हो गया है। राजकोट जिले की कोडीनार सुरक्षित सीट से विधायक एवं रूपाणी सरकार में मंत्री जेठा भाई सोलंकी के टिकट कटने की पूरी उम्मीद है।
पढ़ें- गुजरात में भाजपा ने मौजूदा विधायकों पर जताया भरोसा, एक का कटा टिकट
उन्हें साधने के मकसद से सूबे के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने जेठा भाई को शनिवार सुबह गांधी नगर मिलने बुलाया है। तो जिले की तलारा सीट पर पार्टी के जिला संगठन के उपाध्यक्ष ने नामांकन भर दिया है। पूरा संगठन जिला उपाध्यक्ष के साथ खड़ा है। ऐसी ही स्थिति उना सीट को लेकर है। यहां भी कोली और गैर कोली को उम्मीदवार बनाने का विवाद है।