प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रोड शो किया। इसके बाद वे वलसाड पहुंचे। यहां उन्होंने एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया। उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने गुजराती में नया चुनावी नारा दिया- ‘मैंने यह गुजरात बनाया है।’ उन्होंने कहा कि हम गुजरात के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। हर गुजराती आत्मविश्वास से भरा होता है, इसलिए जब गुजराती बोलते हैं, तो उनके भीतर से एक आवाज निकलती है - उन्होंने यह गुजरात बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वलसाड जिले के कपराड़ा गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि गुजरात के युवाओं ने अब जिम्मेदारी समझ ली है। उन्होंने कमान अपने हाथ में ले ली है। गुजरात में नफरत फैलाने वालों को कभी नहीं चुना गया है। कुछ लोग गुजरात को बदनाम करने में लगे हुए हैं। गुजरात के लोग उन लोगों को सबक सिखाएंगे।
विधानसभा चुनाव के एलान के बाद गुजरात में पहली जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात उन विभाजनकारी ताकतों का सफाया कर देगा, जिन्होंने अपने पिछले 20 साल राज्य को बदनाम करने में लगाए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मैं अपनी रैली की शुरूआत गुजरात में अपने आदिवासी भाइयों के आशीर्वाद के साथ शुरू कर रहा हूं। गुजरात मुझे इस बार रिकॉर्ड बनाने के लिए जिताने जा रहा है।
PM मोदी ने कहा कि दिल्ली में बैठे-बैठे, मुझे रिपोर्ट मिल रही है कि भाजपा इस बार गुजरात में रिकॉर्ड वोट से जीतेगी। मैं यहां अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ने आया हूं। मैं भाजपा की जीत के अंतर के रिकार्ड को और मतबूत करने आया हूं। मैंने गुजरात भाजपा से कहा है कि मैं जितना संभव है, आपको उतना समय देने के लिए तैयार हूं।
PM Modi
- फोटो : ANI
भावनगर पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावनगर में सामूहिक शादी कार्यक्रम 'पापा नी परी' लग्नोत्सव-2022 में हिस्सा लिया। इस समारोह में 522 बेटियों का विवाह हो रहा है। इन बेटियों के सिर से पिता का साया उठ चुका है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भावनगर में सामूहिक शादी कार्यक्रम 'पापा नी परी' लग्नोत्सव-2022 में हिस्सा लिया।
- फोटो : ANI
गुजरात में दो चरणों में मतदान
दरअसल, गुजरात में विधानसभा चुनाव दो चरण में होने हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, पहले चरण के लिए एक दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, दूसरे चरण के लिए पांच दिसंबर को मतदान होगा। परिणाम आठ दिसंबर को आएंगे।