बांग्लादेश की टीम ने 11वें ओवर तक एक वक्त एक विकेट गंवाकर 73 रन बना लिए थे। इस ओवर में शादाब खान गेंदबाजी कर रहे थे। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर सौम्य सरकार को आउट किया। इसके बाद कप्तान शाकिब बैटिंग के लिए आए। शादाब की अगली गेंद जाकर शाकिब के पैड पर लगी। इस पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने अपील की और शाकिब को फील्ड अंपायर ने एल्बीडब्ल्यू आउट दिया। इस पर शाकिब ने डिसीजन रिव्यू सिस्टम का इस्तेमाल किया।
शाकिब ने मामले को थर्ड अंपायर के पास इस उम्मीद में भेजा कि उन्हें शायद न्याय मिले, क्योंकि उन्हें विश्वास था कि गेंद उनके बल्ले पर लगी है। हालांकि, उन्हें क्या पता था कि थर्ड अंपायर भी बड़ी गलती कर सकते हैं। रिव्यू में साफ दिखा कि गेंद बल्ले पर लग रही थी और गेंद और बल्ले के बीच काफी गैप था। हालांकि, थर्ड अंपायर का मानना कुछ और ही था। उन्हें लगा कि बैट गेंद पर लगने की बजाय जमीन पर लगी है और बॉल-बॉट के बीच कोई संपर्क नहीं हुआ।
यहां तक कि पाकिस्तान के पत्रकार साज सादिक ने भी ट्वीट कर बताया कि शाकिब के बल्ले पर गेंद लगी थी।
ऐसे में शाकिब को थर्ड अंपायर ने भी आउट दिया। इस पर शाकिब नाखुश हुए और अंपायर से भिड़ गए। उन्होंने मैदान से बाहर जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह धीमी-धीमी कदमों से डग आउट की तरफ लौटने लगे। हालांकि, उन्हें तब तक विश्वास नहीं हो रहा था कि वह अंपायरों के एक खराब फैसले का शिकार हुए। इस फैसले ने मैच का रुख पलट कर रख दिया। बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर सिर्फ 127 रन ही बना सकी।
बांग्लादेश की पारी के बाद जब शादाब से इस फैसले को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कुछ कहने से इनकार कर दिया। शादाब ने कहा- अब तक मैच में सबकुछ अच्छा रहा है। गेंदबाजों ने अपना काम किया है। हमने परिस्थितियों का अच्छी तरह से आकलन किया। उम्मीद है कि बल्लेबाज भी ऐसा ही करेंगे। अंपायरों ने शाकिब को आउट करार दिया, तो वह आउट ही होंगे। हमारे पास विश्व स्तरीय सलामी बल्लेबाज हैं। बाबर ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन वह एक बड़े मैच का खिलाड़ी है।
अंपायर से बातचीत करते बांग्लादेश के खिलाड़ी (फोटो क्रेडिट: ICC)
इस फैसले के बाद कुछ पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों ने अंपायरों की आलोचना की। भारत के पूर्व कोच और कमेंटेटर रवि शास्त्री और आकाश चोपड़ा ने शाकिब के नॉटआउट होने की वजह बताई। शास्त्री ने कहा- बल्ले के नीच परछाई बताती है कि बैट हवा में था और गेंद बल्ले पर ही लगी थी। इसलिए शाकिब नॉटआउट थे। शाकिब इससे जरूर नाखुश होंगे। इसने मैच के पूरे मोमेंटम को बदल कर रख दिया। पाकिस्तान ने बड़े मैच में बड़े खिलाड़ी को आउट किया। जब आपका कप्तान इस तरह आउट हो तो डगआउट का माहौल खराब हो जाता है। वहीं, आकाश चोपड़ा ने भी अंपायरों की क्लास लगाई और शाकिब को नॉटआउट बताया।
शाकिब के आउट होते ही बांग्लादेश की पूरी टीम दबाव में आ गई। 11 ओवर में जहां टीम करीब सात के रन रेट से रन बना रही थी, अगले नौ ओवर में टीम 127 रन तक ही पहुंच सकी। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, शादाब खान को दो विकेट मिले। हारिस रऊफ और इफ्तिखार अहमद को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में पाकिस्तान की टीम ने 18.1 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह पाकिस्तान ने बांग्लादेश को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया और बांग्लादेश की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब टी20 वर्ल्ड कप को उसकी चार टीमें मिल चुकी हैं। ग्रुप वन से न्यूजीलैंड और इंग्लैंड और ग्रुप दो से भारत और पाकिस्तान ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया।