वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद की बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को यहां हुई 7वीं बैठक में सीजीएसटी कानून, एसजीएसटी और जीएसटी मुआवजा कानूनों पर तो सहमति बन गई, लेकिन दोहरे नियंत्रण (डुएल कंट्रोल) और आईजीएसटी पर सहमति नहीं बन सकी। अब इन बचे हुए मसलों पर परिषद की अगली बैठक में चर्चा होगी जो आगामी तीन एवं चार जनवरी को प्रस्तावित है।
परिषद की 22-23 दिसंबर को हुई बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बताया कि राज्यों के मुआवजे को लेकर सहमति बनाने की कोशिश की गई है। उन्होंने बताया कि अन्य सभी मसलों पर लगभग सहमति बन चुकी है।
केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) और राज्य जीएसटी (एसजीएसटी) पर प्रारंभिक ड्राफ्ट तैयार किया गया है। इन पर जो कुछ संशोधन आए, उसे शामिल कर मसौदा अगली बैठक में लाया जाएगा।