वैश्विक स्तर पर ग्रीन हाउस गैसों का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने दावा किया है कि 2023 में ग्रीन हाउस गैसों के स्तर ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। इन गैसों का स्तर दो दशक में 10 फीसदी तक बढ़ गया है। इसके चलते लगातार वैश्विक तापमान में इजाफा होगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2023 में बड़े स्तर पर वनस्पतियों के जलने, जंगलों में कार्बन के अवशोषण के साथ ही मानव और औद्योगिक गतिविधियों से कार्बन के उत्सर्जन में इजाफा हुआ। वार्षिक ग्रीन हाउस बुलेटिन में कहा गया कि 2023 में कार्बनडाई ऑक्साइड की वैश्विक औसत सतह सांद्रता 420 पार्ट्स पर मिलियन (पीपीएम), मीथेन की सांद्रता 1934 पार्ट्स पर बिलियन और नाइट्रस ऑक्साइड की सांद्रता 336.9 पार्ट्स पर बिलियन (पीपीबी) पहुंच गई। ये आंकड़े पूर्व औद्योगिक मूल्य 1750 के स्तर के 151 फीसदी, 265 फीसदी और 125 फीसदी अधिक हैं।
हम ट्रैक से काफी दूर
विश्व मौसम विज्ञान संगठन के सेक्रेटरी जनरल सेलेस्ट साउलो ने कहा कि एक और साल। एक और रिकॉर्ड। हम ग्लोबल वॉर्मिंग को दो डिग्री सेल्सियस और पूर्व औद्योगिक स्तर के 1.5 डिग्री सेल्सियस स्तर के तापमान स्तर को बरकरार रखने के ट्रैक से काफी दूर हैं। इसलिए खतरे की घंटी बजनी चाहिए। पीपीएम और एक डिग्री तापमान में भी वृद्धि हमारे जीवन और ग्रह पर प्रभाव डालता है।
कार्बन डाई ऑक्साइड में इजाफा
रिपोर्ट में कहा गया कि 2023 में वायुमंडल में कार्बन डाई ऑक्साइड में इजाफा हुआ है। 2023 में कार्बन डाई ऑक्साइड 2.3 पीपीएम रही। जबकि 2022 में यह 2 पीपीएम थी। वहीं बीते 20 साल के मुकाबले भी पीपीएम के स्तर में 11.4 फीसदी का इजाफा हुआ। रिपोर्ट में कहा गया है कि जब तक कार्बन का उत्सर्जन चलेगा, तब तक ग्रीन हाउस गैसें वायुमंडल में जमा होती रहेगीं। इससे वैश्विक तापमान में लगातार इजाफा होगा। अगर भविष्य में कार्बन उत्सर्जन शून्य भी हो जाता है तो लंबे समय तक तापमान स्तर में कमी आने की उम्मीद कम है।