लोकसभा में सोमवार को जीएसटी संशोधन बिल पेश होगा। इसके साथ ही संशोधन बिल पर राज्यों की सहमति के लिए केंद्र ने कोशिश शुरू कर दी है। सोमवार को जब यह बिल लोकसभा में पेश किया जाएगा तो पीएम नरेंद्र मोदी चर्चा में हिस्सा लेंगे।
दरअसल जब राज्यसभा में यह बिल पेश किया गया था तो मोदी ने इस पर होने वाली बहस में हिस्सा नहीं लिया था। इस पर कांग्रेस ने भाजपा को निशाना बनाया था। इधर, बिल को अमलीजामा पहनाने के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। इस क्रम में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने 27 अगस्त को भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है।
चूंकि जीएसटी को अमलीजामा पहनाने के लिए इस पर 16 राज्यों की सहमति अनिवार्य है लिहाजा पार्टी स्वशासित राज्यों में पहले ही इस आशय की तैयारी कर लेना चाहती है। गौरतलब है कि जीएसटी के लिए संविधान संशोधन बिल को सोमवार को लोकसभा में पेश कर पारित कराया जाएगा।
इसके बाद इस 122वें संविधान संशोधन बिल पर 16 राज्यों की सहमति हासिल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। भाजपा सूत्रों ने बताया कि अगस्त के चौथे हफ्ते में शाह ने दो अहम बैठकें बुलाई हैं। एक बैठक पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की है तो दूसरी बैठक 23 अगस्त को सभी राज्यों के सांगठनिक कोर समूहों की है।