डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए टीवी चैनल और वेबसाइट शुरू करने के बाद अब जल्द ही राष्ट्रव्यापी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14444 शुरू होगा। इसके जरिए लोगों को कैशलेस ट्रांजेक्शन के लिए शिक्षित किया जाएगा और मदद दी जाएगी। इस सेवा के एक सप्ताह के भीतर शुरू होने की उम्मीद है। नैस्कॉम के अध्यक्ष आर. चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार ने हेल्पलाइन शुरू करने के लिए नैस्कॉम की मदद मांगी थी। इसके लिए दूरसंचार विभाग से एक राष्ट्रव्यापी हेल्पलाइन नंबर देने का अनुरोध किया गया है। विभाग ने 14444 नंबर आवंटित किया है। चंद्रशेखर ने बताया कि इस हेल्पलाइन के जरिए लोगों को कैशलेस ट्रांजेक्शन के प्रति जागरूक किया जाएगा। लोगों को उनकी स्थिति के अनुसार कैशलेस ट्रांजेक्शन का सबसे उपयुक्त तरीका बताया जाएगा।
गौरतलब है कि लोगों को डिजिटल ट्रांजेक्शन के लिए शिक्षित करने के उद्देश्य से सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने शुक्रवार को डिजिसलाह के नाम से फ्री टू एयर चैनल शुरू किया, जो दूरदर्शन के डीटीएच प्लेटफार्म पर उपलब्ध होगा। इसके साथ ही लोगों को डिजिटल ट्रांजेक्शन की जानकारी देने के लिए ‘कैशलेसइंडिया’ के नाम से वेबसाइट की भी शुरुआत की गई है।
सूचना प्रौद्योगिकी और विधि मंत्री रवि शंकर प्रसाद के अनुसार 8 नवंबर को नोटबंदी के ऐलान के बाद से डिजिटल भुगतान में 400 से लेकर 1000 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। नकदी मुक्त भारत अभियान हेल्पलाइन नंबर के शुरू होने के बारे में पूछे जाने पर चंद्रशेखर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह हेल्पलाइन अगले सप्ताह के अंत तक काम करने लगेगा।