रक्षामंत्री मनोहर परिकर ने थलसेना और वायुसेना के अगले प्रमुखों के नामों पर सस्पेंस बरकरार रखा है। जनरल दलबीर सिंह और एयर चीफ मार्शल अरुप राहा की सेवानिवृत्ति में अब महज 15 दिन बचे हैं। इसके मद्देनजर रक्षामंत्री ने बस इतना कहा है कि इस मामले में फैसला जल्द लिया जाएगा।
जनरल दलबीर सिंह और एयर चीफ मार्शल अरुप राहा 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। परंपरा के मुताबिक सेना के किसी भी अंग के अगले प्रमुख के नाम पर फैसला करीब महीने भर पहले कर लिया जाता है। शुक्रवार को विजय दिवस समारोह में पूछे गए सवाल के जवाब में रक्षामंत्री ने इस बाबत कोई ठोस संकेत नहीं दिया।
गौरतलब है कि थलसेना में पूर्वी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रवीण बख्शी, दक्षिण कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पीएम हारिज और वाइस चीफ लेफ्टिनेंट जनरल विपिन रावत जनरल दलीबर सिंह के उत्तराधिकारी के प्रबल दावेदार हैं। उधर, करगिल युद्ध में अहम रोल अदा करने वाले एयर मार्शल विरेंद्र सिंह धनवा का नाम वायुसेना प्रमुख के लिए सबसे ऊपर माना जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि इस फैसले से संबंधित फाइल प्रधानमंत्री कार्यालय में है।