कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड सांसद राहुल गांधी ने भारतीय कंपनियों को अवसरवादी अधिग्रहणों से बचाने की अपनी चेतावनी का संज्ञान लेने और इसके लिए एफडीआई नीति में संशोधन करने के सरकार के फैसले का स्वागत किया है। राहुल ने ट्वीट के जरिए सरकार को धन्यवाद किया।
सांसद ने ट्वीट किया कि मेरी चेतावनी को संज्ञान में लेने और कुछ खास मामलों में सरकार की मंजूरी को अनिवार्य बनाने हेतु एफडीआई नियमों में संशोधन करने के लिए मैं सरकार को धन्यवाद देता हूं।
बता दें कि राहुल ने 12 अप्रैल को एक ट्वीट किया था। जिसमें लिखा था कि भारी आर्थिक सुस्ती ने कई भारतीय कॉरपोरेट्स को कमजोर कर दिया है और वे अधिग्रहणों के आकर्षक लक्ष्य बन गए हैं। सरकार को किसी भी हाल में राष्ट्रीय संकट की इस घड़ी में किसी भी भारतीय कॉरपोरेट को विदेशी हितों के नियंत्रण में जाने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।