पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें राज्य में शासन प्रणाली पर गंभीर चिंता से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि धनखड़ ने संसद परिसर स्थित गृहमंत्री के कार्यालय में मुलाकात की। राज्यपाल की पहल पर दोनों की बैठक हुई।
सात माह पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल बने धनखड़ ने कहा, मैंने बैठक के लिए समय मांगा था। पिछले सात महीने से मैं वहां की जमीनी हालत शासन तंत्र के गंभीर मसले पर गृहमंत्री से चर्चा की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि इसके अलावा कई अन्य मसले पर भी शाह से बात हुई।
राज्यपाल बनने के बाद गृहमंत्री से धनखड़ की पहली मुलाकात थी। उल्लेखनीय है कि इसी हफ्ते अमित शाह ने कोलकाता का दौरा किया था। एक रैली के दौरान गृहमंत्री ने पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर दुख जताया था। मालूम हो कि राज्यपाल ने जब से कार्यभार संभाला है, तब से अमूमन राज्यपाल और ममता सरकार के बीच रिश्ते में कड़वाहट है।