घरेलू बाजार में गेहूं की तंग आपूर्ति के बीच शुक्रवार को खाद्य मंत्री राम विलास पासवान ने सरकार द्वारा गेहूं आयात किए जाने की संभावना से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि देश में सार्वजनिक वितरण व्यवस्था (पीडीएस) के तहत गेहूं की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त बफर स्टॉक मौजूद है।
सरकार ने हाल ही में घरेलू आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए गेहूं आयात पर से शुल्क को समाप्त कर दिया है। निजी कारोबारियों ने अब तक 17 लाख टन से ज्यादा का गेहूं आयात किया है और शून्य सीमा शुल्क पर और ज्यादा आयात होने का अनुमान है।
यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार गेहूं का आयात शुरू करेगी, पासवान ने कहा कि अभी ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की संभावना नहीं है क्योंकि पीडीएस मांग को पूरा करने के लिए हमारे पास पर्याप्त बफर स्टॉक है।