केंद्र सरकार ने देश में सुशासन का आकलन करने के लिए गुड गवर्नेंस इंडेक्स (जीजीआई) लॉन्च किया, जिसके आधार पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को रैंकिंग दी जाएगी। कार्मिक मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि जीजीआई का उद्देश्य सभी राज्यों में शासन की तुलना के लिए डाटा मुहैया कराना है, ताकि इसके आधार पर शासन में सुधार के मद्देनजर रणनीति बनाने और क्रियान्वयन करने में राज्यों को मदद मिले।
जीजीआई में 10 क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया है, जिनमें कृषि और इससे संबंधित, वाणिज्य व उद्योग, मानव संसाधन विकास, सार्वजनिक स्वास्थ्य, सार्वजनिक बुनियादी ढांचा, आर्थिक शासन, सामाजिक कल्याण व विकास, न्यायिक व सार्वजनिक सुरक्षा, पर्यावरण और नागरिक केंद्रित शासन शामिल है। इन दस क्षेत्रों को आगे 50 संकेतकों में बांटा गया है। इन संकेतकों के आधार पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को रैंकिंग दी जाएगी।